मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश विधानसभा में मंत्री विजय शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर कांग्रेस विधायकों ने उन पर सेना का अपमान करने का आरोप लगा कर इस्तीफे की मांग की। अपनी मांग को लेकर कांग्रेस विधायक आसंदी के पास आकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि मंत्री को अपने पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। इस पर सत्ता पक्ष ने भी कांग्रेस पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया। शुक्रवार को विधानसभा सत्र के पांचवें दिन सदन में जोरदार हंगामा हुआ और विजय शाह के इस्तीफे की मांग की गई। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने भोपाल गैस त्रासदी मंत्री विजय शाह से पूछा कि गैस पीड़ित निगरानी समिति द्वारा कितनी त्रैमासिक रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश की गई? इस पर जवाब देने के लिए जैसे ही मंत्री विजय शाह खड़े हुए तो कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने खड़े होकर कहा कि मंत्री ने सेना का अपमान किया है। उनको मंत्री पद पर रहने का अधिकार नहीं है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने खड़े होकर मंत्री के विरोध में नारेबाजी करना शुरू कर दी और आसंदी के पास आकर मंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगे।