दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजाम किया है। भोपाल मंडल से नवंबर में 24 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों के लिए ट्रेनें शामिल हैं। वहीं, प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ टिकट व्यवस्था को भी सुचारू रखने की तैयारी की गई है। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को देखते हुए 12 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें रानी कमलापति-दानापुर, रानी कमलापति-रीवा, पुणे-गोरखपुर, एलटीटी-गोरखपुर, एलटीटी-बनारस, हडपसर-गाजीपुर सिटी और उधना-प्रयागराज जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इनसे यात्रियों को नियमित ट्रेनों के अलावा अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
पांच प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई निगरानी
भोपाल, रानी कमलापति, बीना, गुना और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वारों और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
टिकट काउंटर की कतारों से मिलेगी राहत
स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की सुविधा भी चालू रखी गई है। यात्री इन मशीनों से खुद अनारक्षित टिकट ले सकते हैं। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ और लंबी कतारों को कम करने में मदद मिलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार, विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ सुरक्षा और टिकटिंग सुविधाओं पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने, सामान का ध्यान रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना आरपीएफ को देने की अपील की गई है। सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 जारी किया गया है।
नवंबर में चलने वाली 12 जोड़ी विशेष ट्रेनें
रानी कमलापति-दानापुर
रानी कमलापति-रीवा
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ
पुणे-गोरखपुर
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर
हडपसर-गाजीपुर सिटी
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस
सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस
अजमेर-रांची
जोधपुर-चेन्नई बीच
उधना-प्रयागराज
बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी