मध्यप्रदेश में ‘वोट चोरी’ को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राज्य के खेल और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि यूथ कांग्रेस में सदस्यता और मतदान प्रक्रिया के नाम पर करोड़ों रुपये की वसूली हुई है, और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी ने वोट चोरी कर लोकतंत्र का मजाक बनाया है। सारंग ने कहा कि यूथ कांग्रेस में 18 से 35 वर्ष तक के युवाओं को शामिल किया गया था। 15 लाख युवाओं ने सदस्यता ली, जिनसे प्रति सदस्य 50 रुपये शुल्क लिया गया , यानी लगभग साढ़े 7 करोड़ रुपये जमा हुए। इसके अलावा, चुनाव लड़ने वालों से भी शुल्क लिया गया जिससे करीब 1 करोड़ रुपये और वसूले गए। मंत्री ने आरोप लगाया कि “यूथ कांग्रेस के चुनाव में साढ़े 8 लाख वोट या तो होल्ड कर दिए गए या रिजेक्ट कर दिए गए। यह वही वोट हैं जिन्हें कांग्रेस ने चोरी किया है। राहुल गांधी बताएं कि यह लोकतंत्र की हत्या नहीं तो क्या है?