मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैठक लेते हुए
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को समत्व भवन में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फलदार और छायादार पौधों का अधिक से अधिक रोपण कर स्थानीय आय और हरियाली को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसान हों या आमजन, पौधे खरीदने की लागत अधिक होती है, इसलिए इन्हें नर्सरी व बगीचा लगाने के लिए प्रोत्साहित करें और उद्यानिकी विभाग द्वारा मुफ्त या रियायती दरों पर पौधे उपलब्ध कराए जाएं। डॉ. यादव ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक औपचारिकता नहीं बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि निजी क्षेत्र और किसानों को भी अभियान से जोड़ा जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जा सकें और उनकी निगरानी की व्यवस्था भी बेहतर हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि "एक बगिया मां के नाम" अभियान के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की आय भी बढ़ाई जाएगी, जिन्हें तीन साल तक आर्थिक सहायता दी जाएगी।