सीएम डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मां बगलामुखी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और कार से शवों को बाहर निकाला।
पानी के बहाव का अंदाजा नहीं लगा पाया चालक
जानकारी के अनुसार, ओडिशा से आए श्रद्धालु उज्जैन से कार किराए पर लेकर नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में बरसाती नाले पर पानी बह रहा था। चालक पानी के बहाव की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लगा सका और कार को नाला पार कराने की कोशिश की। इसी दौरान कार पानी के तेज बहाव में बहकर नाले में जा समाई।
पानी उतरने के बाद राहगीरों ने देखी कार
शनिवार सुबह नाले का पानी कम हुआ तो राहगीरों की नजर उसमें फंसी कार पर पड़ी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। कार के अंदर से आठ लोगों के शव बरामद किए गए। बताया गया है कि इनमें सात लोग ओडिशा के निवासी थे।
यह भी पढ़ें-एमपी में मानसून का कोटा 89% पूरा: 37 जिले अभी भी पीछे, मानसून के 11 दिन बाकी, आखिरी दौर में बढ़ सकती है बारिश
सीएम ने जताया दुख, चार-चार लाख की सहायता
हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग देने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नलखेड़ा में सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। ओडिशा से धार्मिक यात्रा पर मध्यप्रदेश आए श्रद्धालुओं के निधन पर उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।