मध्यप्रदेश में मौसम ने करवट लेकर राहत और आफत दोनों का माहौल बना दिया है। प्रदेश में सक्रिय मजबूत वेदर सिस्टम के चलते आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है, मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। भोपाल में 4.2 मिमी, नर्मदापुरम में 0.2 मिमी, मंडला में 0.8 मिमी, सागर में 1.5 मिमी, सिवनी में 1.6 मिमी, उमरिया में 2.4 मिमी और मलाजखंड में 0.6 मिमी बारिश हुई।
40 डिग्री पार पहुंचा पारा
प्रदेश में गर्मी का असर भी बना हुआ है। गुरुवार को खजुराहो में सबसे ज्यादा 40.4°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम में 39.5°C, दमोह और नौगांव में 39°C के आसपास तापमान रहा। वहीं राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 36.2°C दर्ज किया गया।
तीन दिन तक बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक 2 से 5 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। कई इलाकों में ओले गिरने और बिजली गिरने की भी संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा असर
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और सागर संभाग के जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें-
मौसम का बदला मिजाज, भोपाल में तेज बारिश,सीहोर में गिरे ओलों,कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
तेज हवाएं और ओलावृष्टि का खतरा
कई जगहों पर 40-50 किमी/घंटा तो कहीं 50-60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका भी जताई गई है। बारिश और बादलों की वजह से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम का यह उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें-
कंबाइन हार्वेस्टर पर टोल टैक्स माफ, भोपाल वेस्टर्न बायपास के नए एलाइनमेंट को मंजूरी
क्यों बदल रहा मौसम?
प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है, वहीं उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी दो सिस्टम काम कर रहे हैं। 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव होगा, जिससे 10 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। अप्रैल के दूसरे हफ्ते से सिस्टम कमजोर पड़ते ही तेज गर्मी का दौर शुरू होगा। महीने के आखिरी तक ग्वालियर, धार, खरगोन और बड़वानी जैसे जिलों में तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच सकता है।