मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। बुधवार को रात और दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। दिन का तपामान 32 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रात में ज्यादातर जिलों का तापमान 8 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है प्रदेश में अगले तीन दिन तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। 31 जनवरी तक रात में पारा 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, 1 फरवरी को प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में बारिश हो सकती है।
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले शहर
शहर अधिकतम तापमान
मंडला 32.0 डिग्री
बैतूल 31.7 डिग्री
रतलाम 31.5 डिग्री
सिवनी 31.4 डिग्री
नर्मदापुरम 31.1 डिग्री
उज्जैन 31.0 डिग्री
इंदौर 30.6 डिग्री
भोपास 30.3 डिग्री
अगले तीन दिन तक रात का बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश के अनुसार अगले तीन दिन तक रात का पारा बढ़ेगा, जबकि दिन में तापमान स्थिर रहेगा। अभी प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 25-26 डिग्री के आसपास ही है। दूसरी ओर, रात में 5 डिग्री के नीचे पहुंच गया। यह 7 से 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा।।दिन में सर्द हवा की वजह से ठंडक है। मंगलवार को भी असर देखा गया। पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम हवा की रफ्तार 268 किमी प्रतिघंटा रही। इसका असर प्रदेश में भी देखने को मिला। प्रदेश में हवा की रफ्तार 12 से 14 किमी तक रही।
एक फरवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस होगा एक्टिव
मौसम विभाग ने एक फरवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने का अनुमान जताया है। जिसका असर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से फरवरी के शुरुआती 4 दिन तक मौसम बदला रहेगा। 1 से 4 फरवरी के बीच पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इनमें रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के जिले शामिल हैं। 29 जनवरी को कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।