स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसाधनों की बचत और सुविधा-विलासिता में संयम बरतने की अपील को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा है। नरेंद्र शिवाजी पटेल ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि देश ने ऐसे दौर भी देखे हैं, जब तत्कालीन कांग्रेस सरकारों ने नागरिकों से “एक समय का खाना छोड़ने”, “सोना और धन सरकारी खजाने में दान करने”, “बचत करने और अतिरिक्त टैक्स देने” जैसी अपीलें की थीं। उन्होंने कहा कि उस समय की परिस्थितियों को देखते हुए इन अपीलों की जरूरत रही होगी और वे उनकी आलोचना नहीं कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत और संयम संबंधी अपील पर नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है।