भोपाल में स्थापति रानी कमलापति की मूर्ति
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल के छोटे तालाब पर स्थित रानी कमलापति की मूर्ति के सामने खड़े होकर एक युवक द्वारा अश्लील वीडियो बनाने पर संज्ञान लिया है। शर्मा ने बताया कि भोपाल में राजा भोज और रानी कमलापति का गौरवशाली इतिहास रहा है। इस मामले में वे सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपी युवक पर रासुका की कार्रवाई करने की मांग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि आलोक शर्मा के महापौर रहते हुए भोपाल में रानी कमलापति की प्रतिष्ठा को स्थापित करने के लिए उनकी मूर्ति स्थापित कराई थी। रानी कमलापति ने छोटा तालाब के ऊपर जौहर किया था उस स्थान पर उनकी विशाल प्रतिमा लगाई गई है और उनके नाम से ब्रिज का निर्माण कराया गया है। परंतु रविवार को एक बदमाश युवक ने मूर्ति के सामने अश्लील हरकत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जो कि बहुत ही आपत्तिजनक है।
सांसद आलोक शर्मा एवं हिंदू संगठनों द्वारा 16 सितंबर को प्रातः 10 बजे पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर दोषी युवक के खिलाफ रासुका लगाकर कड़ी कार्यवाही करने की मांग करेंगे ताकि इस तरह के समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले कृत्यों की पुनरावृत्ति न हो सके। शर्मा ने कहा कि यह कृत्य संपूर्ण समाज और राष्ट्र का अपमान है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।