खजुराहो सांसद और भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
खजुराहो सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट और महाकाल मंदिर की जमीन को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और इनका वास्तविक तथ्यों से कोई संबंध नहीं है। वीडी शर्मा ने कहा कि पूरा देश जानता है कि दिग्विजय सिंह किस तरह के बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े किसी मामले में अनियमितता की शिकायत सामने आई है तो ट्रस्ट ने स्वयं उसका संज्ञान लिया है। ट्रस्ट के अनुरोध पर ही सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं करेगी।