जयस पदाधिकारियों ने ली भाजपा की सदस्यता
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के समक्ष शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ विधानसभा के जयस पार्टी के प्रदेश सचिवराजेश कुमार सरठिया, जनपद सदस्य नेमा सिंह मार्को, पूर्व जनपद सदस्य धनीराम सिंह मरावी, ग्रामसभा अध्यक्ष जगदीश सिंह धुर्वे, सरपंच महेन्द्र सिंह परस्ते, पूर्व पंच, सरपंच सहित 31 से अधिक जयस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि हमारी पार्टी के लिए गर्व की बात है कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकास कार्यो से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में अन्य दलों के लोग भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे परिवार का निरंतर विस्तार हो रहा है। आज जयस पार्टी के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सरठिया सहित 31 से अधिक जयस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
उन्होंने कहा कि सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व एवं विकास कार्यों पर विश्वास व्यक्त किया है। भाजपा परिवार में नए सदस्यों के जुड़ने से हमारी ताकत और बढ़ी है। हम सब मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। शर्मा ने नवागत सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है और आप सभी इस परिवार के सदस्य बन गए हैं। आज हम सब ये संकल्प लेते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में पुष्पराजगढ़ विधानसभा में भी भाजपा की जीत का परचम फहराएंगे।