एमपी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पूजा अर्चना करते
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को बागेश्वर धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बागेश्वर धाम पहुंचकर देश की प्रगति, प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर बागेश्वर धाम में 12 ब्राह्मणों द्वारा द्वादशाक्षरी मंत्रों के उच्चारण के साथ विशेष हवन एवं आहुतियां दी गईं। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सेवा और संस्कार के संदेश को आगे बढ़ाते हुए 12 बेटियों का सम्मान किया गया। उन्हें पुस्तकें वितरित की गईं तथा कन्या भोज का आयोजन भी किया गया। आयोजन में समाज में बेटियों के सम्मान और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।