शिक्षक माध्यमिक एवं प्राथमिक गायन, वादन, संगीत एवं नृत्य भर्ती-2022 के चयनित अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दो-दो परीक्षाएं पास करने, चयन सूची में नाम आने और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज 1144 चयनित अभ्यर्थी सोमवार 1 जून को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी। 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित हुई, अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा हुई और सितंबर 2025 में परिणाम घोषित कर चयन सूची जारी कर दी गई। इसके बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। चयनित उम्मीदवारों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जॉइनिंग को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा। अभ्यर्थियों का कहना है कि 19 साल बाद गायन, वादन, संगीत एवं नृत्य भर्ती निकाली गई है।
नियम कहते हैं 3 महीने में नियुक्ति, 8 महीने बाद भी इंतजार
अभ्यर्थियों ने परीक्षा संचालन नियम पुस्तिका का हवाला देते हुए कहा कि चयन सूची जारी होने के तीन माह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी किए जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद चयन परिणाम घोषित हुए करीब आठ महीने बीत चुके हैं, लेकिन न तो पात्र-अपात्र सूची जारी हुई और न ही चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कई बार डीपीआई और शासन स्तर पर अपनी बात रखी। नवंबर 2025, जनवरी 2026, फरवरी 2026, मार्च 2026 और अप्रैल 2026 में कई दौर की मुलाकातों के बावजूद हर बार अलग-अलग कारण बताकर मामला टाल दिया गया। कभी कोर्ट केस का हवाला दिया गया तो कभी दस्तावेज सत्यापन लंबित होने की बात कही गई।
अन्य विषयों की प्रक्रिया आगे बढ़ी, संगीत-नृत्य भर्ती अटकी
अभ्यर्थियों का आरोप है कि अन्य विषयों के उम्मीदवारों के लिए पात्र-अपात्र सूची और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, लेकिन संगीत और नृत्य विषय के चयनित अभ्यर्थियों को अब तक इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। इससे उम्मीदवारों में भेदभाव की भावना भी पैदा हो रही है।
उनका कहना है कि दिसंबर 2025 में दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद भी पांच महीने से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।
यह भी पढ़ें-
नौतपा में लू की जगह बारिश-ओले गिरे, पूरे प्रदेश में बदला मौसम; 47 जिलों में बारिश का अलर्ट
आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे अभ्यर्थी
चयनित उम्मीदवारों का कहना है कि भर्ती में चयनित होने के बाद भी वे बेरोजगार बैठे हैं। लंबी देरी के कारण आर्थिक संकट गहराता जा रहा है, वहीं सामाजिक और पारिवारिक दबाव भी बढ़ रहा है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि घर-परिवार और समाज में लगातार सवालों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि वे सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर चुके हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पहले ही कई वर्षों तक चली और अब चयन के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने से युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
यह भी पढ़ें-
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की डिजिटल फौज तैयार, अब बूथ तक पहुंचेगी सोशल मीडिया टीम
कल डीपीआई में होगा प्रदर्शन
नियुक्ति की मांग को लेकर चयनित अभ्यर्थियों ने 1 जून को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) भोपाल में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। अभ्यर्थी दोपहर 12:30 बजे डीपीआई पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे और शासन से जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग करेंगे। प्रदर्शन में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का कहना है कि वे किसी विरोध या टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपने अधिकार और नियमों के पालन की मांग को लेकर डीपीआई पहुंच रहे हैं। उनका एक ही सवाल है कि जब चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो नियुक्ति में लगातार देरी क्यों की जा रही है। अभ्यर्थियों ने शासन से मांग की है कि संगीत एवं नृत्य भर्ती की लंबित प्रक्रिया तत्काल पूरी कर 1144 चयनित उम्मीदवारों को जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए।