Bhopal Torture Viral Video : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें एक युवक के गले में पट्टा बंधा है और कुछ बदमाश उसके साथ जानवरों जैसा बर्ताव कर रहे हैं। इस पर वह कहता है कि 'मैं मियां भाई बनने को तैयार हूं'। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद शाम को आरोपियों के घर तोड़ने के लिए हथौड़े चलाए गए।
मध्य प्रदेश में बदमाश किस कदर बेखौफ है, इसका उदाहरण भोपाल में देखने को मिला। कुछ बदमाशों ने एक युवक के गले में पट्टा बांधा। कुत्ते की बर्ताव करते हुए उससे माफी मंगवाई। वीडियो में युवक कहता सुनाई दे रहा है कि 'मैं मियां भाई बनने को तैयार हूं। मुझे छोड़ दो।' वीडियो में कुछ लोग हाथ में बेल्ट लेकर युवक को मारने की धमकी भी दे रहे हैं। यह मामला सामने आने के बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा हरकत में आए और पुलिस कमिश्नर को 24 घंटे के भीतर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मामले में छह लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया और तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं देर शाम जेल भेजे गए आरोपियों के घरों पर निगम का हथौड़ा भी चल गया।
विज्ञापन
टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले विजय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के साथ ही अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही टीला जमालपुरा के टीआई अनुराग लाल को लाइन अटैच कर दिया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर नजीर पेश करें। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अब एनएसए के तहत कार्रवाई की जा रही है। तीनों अपराधियों के घर पर हथौड़े चलाए गए। इसके बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दोबारा मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि सुबह आपको 24 घंटे का कहा था। छह घंटे के अंदर ही आरोपियों को पकड़ लिया है। NSA की कार्रवाई कर दी गई। उनका अतिक्रमण चिह्नित कर लिया गया है। अतिक्रमण पर बुलडोजर चलेगा। थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है। घृणित सोच और मानसिकता वालों के विरुद्ध भोपाल में यह कार्यवाही प्रदेश में नजीर बनेगी।
आरोपियों के घरों पर हथौड़े चलाए गए ।
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल पुलिस के अनुसार विजय रामचंदानी पंचवटी कॉलोनी लालघाटी का रहने वाला है। बीते 9 मई को वह अपने दोस्त शाहरुख खान के साथ लैंडमार्क गार्डन गया था। वहां से देर रात 12:30 बजे रात लौटा और शाहरुख को फूटा मकबरा छोड़कर अपने घर जा रहा था, रास्ते में फैजान लाला, साहिल बच्चा और समीर मिला। तीनों मिलकर उसे इंस्टाग्राम की एक पोस्ट को लेकर धमका रहे थे। इतने में वहां बिलाल, मुफीद और एक और युवक आ गया। सभी छह आरोपियों ने मिलकर फरियादी विजय कुमार की एक्टिवा और दोनों मोबाइल बदमाशों ने छीन लिए और उसे अपनी बाइक में बैठाकर गौतम नगर स्थित पीजीबीटी कॉलेल के मैदान में ले गए।
फैजान और साहिल ने बनाया कुत्ता
फरियादी ने पुलिस को बताया कि फैजान और साहिल ने उसके गले में बेल्ट का पट्टा पहनाया और उसे कुत्ता बनाया। इसके बाद सभी आरोपियों ने उसे कुत्ते की तरह भोंकने के लिए दबाव बनाया। मारपीट करते हुए उस धर्म परिवर्तन करने और बड़े का मांस खाने का भी दबाव बनाया। आरोपियों ने उसके जेल से करीब 700 रुपये भी लूट लिए। फरियादी ने जब मुस्लिम बनने की हां कर दी, तब उसे छोड़ा। यह पूरा वाकया 9-10 मई की दरमियानी रात का है। फैलान लाला, साहिल बच्चा और समीर खान पुराने बदमाश हैं।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में पीड़ित विजय की शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के साथ ही अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुराने भोपाल में विजय नाम के युवक के साथ बिलाल टीला, फैजान लाला, साहिल बच्चा, मोहम्मद समीर टीला और मुफीद खान ने मारपीट की है। यह वीडियो नौ मई का बताया जा रहा है। विजय निवासी पंचवटी कॉलोनी, लालघाटी ने पुलिस को शिकायत में कहा है कि नौ मई को वह और उसका दोस्त शाहरुख एक शादी में लैंडमार्क गार्डन गए थे। वहां से रात को लौटे। शाहरुख को घर छोड़ा और वह घर जा रहा था। तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे रोका और तमाचे मारे। चाकू दिखाकर बाइक पर बिठाकर ले गए। उसकी एक्टिवा की चाबी और मोबाइल छीन लिए। पीजीबीटी मैदान में फैजान और साहिल ने उसके गले में बेल्ट बांधा। बाकी लोगों ने मारपीट की। जेब में रखे पैसे निकाल लिए। मारते-पीटते कहने लगे कि- तू मियां बन जा। बड़े का मांस खाने लग। तू डरपोक है। तेरे में जिगरा नहीं है। मारपीट करते हुए विजय के भाई लोकेश और मां को कॉल कर धमकाया। इस पर वीडियो में युवक को यह कहते सुना जा सकता है कि 'मैं मियां भाई बनने को तैयार हूं।'
निगम टीम ने आरोपियों के घर तोड़ने की कार्रवाई की।
- फोटो : अमर उजाला
तीनों का जुलूस निकाला, मकान जमीदोंज
पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपी फैजान लाला, साहिल बच्चा और समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों का जुलूस भी निकाला और इनके खिलाफ रासुका की भी कार्रवाई की गई है। भोपाल नगर निगम ने अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई करते हुए तीनों मुख्य आरोपियों के मकानों पर भी हथौड़े चलाए हैं। इस कार्रवाई का परिवार के लोगों ने विरोध किया। इधर, पुलिस ने तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको 14 दिन की ज्यूडिशियल रिमांड में भेजा गया है। तीन आरोपी बिलाल, मुफीद और एक अन्य अभी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
रामेश्वर शर्मा बोले- अपराधियों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार होना चाहिए
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वीडियो को मध्य प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। गृहमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। मैं भी पुलिस कमिश्नर और प्रशासन से आग्रह करूंगा कि इस तरह के अपराध में दोषियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। हिंदू बेटे-बेटियों को सताने के लिए कोई गैंग तो नहीं बन गई है? यह नशे का कोई कारोबार तो नहीं कर रही? हर एंगल से इस मामले की जांच की जाए। हम उम्मीद करते हैं कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। मेरी पीड़ित परिवार से बात हुई है। राजधानी में पट्टा बांधकर घसीटना अपराध है और जिन लोगों ने यह काम किया है, उनका भी यही हाल करना प्रशासन का काम है। उधर, कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी कहा कि युवक के गले में पट्टा बांधकर पीटने की जो बात सामने आई है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार बातें तो बड़ी-बड़ी करती हैं लेकिन माफिया के हौंसले बुलंद है। सरकार कहती है कि गुंडो का सफाया हो चुका है, जो गलत है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कानून का शासन नहीं रह गया है, जो इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। भाजपा की बड़बोली सरकार के पास ऐसी घटनाओं का कोई समाधान नहीं है।