राजधानी भोपाल में पहली बार 24 फरवरी को दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन होने जा रहा है। इसके पहले प्रधानमंत्री रविवार को मध्य प्रदेश के विधायक-सांसद और संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करने के बाद डिनर करेंगे। प्रधानमंत्री रविवार को 3.35 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। यहां से कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर करीब 3.55 पर पहुचेंगे। यहां प्रधानमंत्री कुशाभाऊ ठाकरे के प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और कन्वेंशन सेंटर के मंच पर दीप प्रज्जवित करेंगे। कार्यक्रम में दो मिनट मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और दो मिनट की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा संबोधित करेंगे। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल मौजूद रहेंगे। हालांकि बाद में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अकेले मंच पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 15 मिनट जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर सकते है। इसके बाद विधायकों और सांसदों की अलग-अलग टेबल पर जाकर उनसे बातचीत करेंगे। इसके बाद परिसर में ही विधायकों और सांसदों के साथ डिनर करेंगे। करीब 6 बजे प्रधानमंत्री राजभवन पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
कार्यक्रम के लिए एक घंटे पहले पहुंचना होगा
पीएम के कार्यक्रम में विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को एक घंटे पहले पहुंचना होगा। परिसर में नेताओं के गनमैन, पीए और स्टाफ को जाने की अनुमति नहीं होगी। पीएम राजभवन की तरफ बने गेट से आएंगे। वहीं, जनप्रतिनिधियों को एमवीएम कॉलेज की तरफ बने गेट से प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में 163 विधायक, 37 सांसद और कुछ पदाधिकारी समेत 208 नेता ही उपस्थित रहेंगे।
कन्वेंशन सेंटर में यह लोग रहेंगे मौजूद
प्रधानमंत्री के साथ चर्चा में भाजपा के सभी विधायक, लोकसभा सांसद और राज्यसभा सदस्य मौजूद रहेंगे। इसमें केंद्र में प्रदेश से सभी मंत्री मौजूद रहेंगे। यह हॉल की पहली रो की टेबल पर बैठेंगे। इनके बगल की रो में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉक्टर महेंद्र सिंह बैठेंगे। इसके अलावा भाजपा पदाधिकारियों में महामंत्री उपस्थित रहेंगे।