मध्य प्रदेश भाजपा ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। प्रदेश संगठन महामंत्री रहे हितानंद शर्मा को अब मध्य क्षेत्र का सह-बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है और उनकी कार्यस्थली जबलपुर रहेगी। संगठन सूत्रों के अनुसार यह बदलाव दीर्घकालिक रणनीति के तहत किया गया है। हितानंद शर्मा अशोकनगर के रहने वाले हैं, जो चंबल क्षेत्र का हिस्सा है। वे लंबे समय से विद्या भारती से जुड़े रहे हैं और संघ पृष्ठभूमि की वजह से संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। संगठनात्मक फेरबदल के तहत तीन प्रचारकों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव हुआ है। सुरेंद्र मिश्रा को अब पूर्व सैनिक सेवा परिषद में काम सौंपा गया है, जबकि मुकेश त्यागी को ग्राहक पंचायत की जिम्मेदारी दी गई है। ब्रजकिशोर भार्गव को क्षेत्र गो सेवा प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया है। भाजपा से पहले हितानंद शर्मा करीब एक दशक तक विद्या भारती से जुड़े रहे। उसके पूर्व वे तहसील प्रचारक, जिला प्रचारक और विभाग प्रचारक जैसे दायित्व निभा चुके हैं। उनके पास संगठनात्मक अभियानों की विस्तृत जानकारी और अनुभव रहा है, जो उनके कामकाज में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।