केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी को भोपाल में कांग्रेसियों ने महंगाई के विरोध में गैस सिलिंडर के पोस्टर दिखाए। रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आईं ईरानी को कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने पोस्टर दिखाए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
उधर, लिंक रोड नंबर-1 पर भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का महिला कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर विरोध किया। यहां, पुलिस ने केंद्रीय मंत्री का रूट डायवर्ट कर दिया था।
संतोष कंसाना ने किया नेतृत्व
महिला कांग्रेस की भोपाल जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों की तख्तियां लेकर विरोध करती रहीं। संतोष कंसाना ने कहा कि कांग्रेस सरकार में रसोई गैस के दाम 450 रुपये थे तो स्मृति ईरानी विरोध करती थी, आज गैस सिलिंडर के दाम 1100 रुपये से ऊपर हो गए हैं, लेकिन उनका मुंह नहीं खुल रहा है।
सीएम से की सौजन्य भेंट
बता दें, इससे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट की।