मध्य प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने युवाओं के लिए नई पहल शुरू की है। उन्होंने 'इंटनर्शिप विथ नरेंद्र शिवाजी पटेल' से कार्यशाला का शुभारंभ किया है। इसमें मंत्री युवाओं को अलग-अलग स्तर पर प्रशिक्षण देकर व्यवहारिक, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर कौशल विकसित करने के गुर सिखाएंगे।
मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण हैं, जब उदयपुरा के युवाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान करने के लिए पहली बार कोई योजना प्रारंभ की गई है। जब मैं अपने कॉलेज के दिनों में था, तब मुझे लगता था कि ऐसी कोई योजना होनी चाहिए जिसके कि राजनीतिक स्तर पर होने वाली गतिविधियों और कार्यों की बारीकी से जानकारी प्राप्त कर सकूं। लेकिन उस समय कोई योजना नहीं मिली। आज जब मुझे एक जनप्रतिनिधि के रूप में कमान मिली है तो मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के युवाओं को भी आगे आने का मौका मिलना चाहिए। इसलिए मैंने अपनी विधानसभा के युवाओं के साथ इंटर्नशिप विथ एनएसपी योजना प्रारंभ की है। इस योजना में चयनित युवा राजनीतिक के साथ सामाजिक और व्यवहारिक स्तर पर नेतृत्व का अवसर प्राप्त करेंगे। वह गांव में एनएसपी एंबेसडर के रूप में कार्य करते हुए पंचायत स्तर पर विकास का ब्लूप्रिंट तैयार करेंगे। लोगों की समस्याओं को सुनकर सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय कर उनका हल निकालेंगे।
ऐसे किया युवाओं का चयन
योजना में लगभग 600 लोगों ने आवेदन किया था जिसमें से प्रथम बैच में 30 युवाओं का चयन किया गया। आवेदन करने वाले सभी युवाओं को पहले टास्क दिया गया था, जिसे पूर्ण करने वाले युवाओं का ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया। चयनित युवाओं के साथ मंगलवार को राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के भोपाल स्थित कार्यालय पर कार्यशाला सम्पन्न हुई। जिसमें युवाओं को इंटर्नशिप से संबंधित कार्यों की ट्रेनिंग दी गई। इंटर्नशिप के अंतर्गत उदयपुरा विधानसभा के युवाओं को विभिन्न स्तर पर प्रशिक्षण देकर कार्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिससे कि उनके व्यक्तित्व में सामाजिक, व्यवहारिक, राजनैतिक आदि स्तर पर नेतृत्व कौशल विकसित हो सके।
तीन माह तक प्रशिक्षण
इंटर्नशिप विथ नरेन्द्र शिवाजी पटेल के पहले बैच में 5 युवतियों एवं 25 युवकों का चयन किया गया है। यह इंटर्नशिप 3 माह चलेगी, जो 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर शुरू होकर 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगी। इंटर्नशिप में चयनित युवा अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में एनएसपी एंबेसडर के रूप में कार्य करेंगे।
12 हजार मानदेय दिया जाएगा
योजना में चयनित अभ्यर्थियों को पहले माह 3 हजार, दूसरे माह 4 हजार, तीसरे माह 5 हजार की राशि के साथ कुल मिलाकर 12 हजार की राशि मानदेय के रूप में दी जाएगी। इसके अतिरिक्त इंटर्नशिप में श्रेष्ठ कार्य करने वाले युवाओं को 6 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही राज्यमंत्री ने मंगलवार को संपन्न हुई कार्यशाला में सभी चयनित 30 युवाओं का एक साल का इंश्योरेंस (बीमा) कराने की घोषणा की।