सीएम ने जनअभियान परिषद की बैठक में शामिल हुए
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की कार्यकारिणी सभा की 15वीं बैठक मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जन अभियान परिषद से जुड़े स्वयंसेवी संगठनों और प्रस्फुटन समितियों को किसानों को सोलर पंप लगाने और गोपालन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रदेशभर में इन दोनों गतिविधियों को अभियान के रूप में संचालित किया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जन अभियान परिषद द्वारा महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत समाज कार्य स्नातक पाठ्यक्रम के 'व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण' पुस्तिका का विमोचन किया। साथ ही, उन्होंने जन अभियान परिषद के संभागीय समीक्षा प्रतिवेदन 2024-25 और 'स्वैच्छिक संगठनों का संसार' पुस्तिका का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के सामाजिक कार्यों को और मजबूती देने के लिए जन अभियान परिषद के प्रयासों की सराहना की और प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।