चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश सरकार कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ.7 की आहट से अलर्ट पर है। केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने टेस्टिंग बढ़ाने के साथ ही जिलों को प्रत्येक पॉजिटिव मरीज के सैम्पल की जीनोम सिक्वेंसिंग कराने के निर्देश दिए हैं। इस बीच शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल में स्टेट वायरोलॉजी लैबोरेटरी पहुंचे। मशीनों का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों से जानकारी ली।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार पॉजिटिव केसों की जीनोम सिक्वेंसिंग होगी। भोपाल में एम्स के बाद स्टेट वायरोलॉजी लैबोरेटरी में ही जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच हो सकेगी। उन्होंने बताया कि एक बार में 96 पॉजिटिव केसों की जीनोम सिक्वेंसिंग की जा सकेगी। वर्तमान में 43 हजार बेड और ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
विश्वास सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले दो दिन में कोई पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के चार एक्टिव मरीज हैं। सभी मरीज होम आइसोलेशन में है। केंद्र सरकार के हर निर्देश का अक्षरश: पालन किया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि कोरोना वैक्सीन के प्रिकॉशन डोज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
नए वैरिएंट की जांच के लिए लैब अधिकृत
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट की जांच के लिए प्रदेश सरकार ने ग्वालियर के डीआरडीओ लैब और भोपाल एम्स को अधिकृत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड से बचाव के लिए गाइडलाइन का सबका पालन करना होगा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में कोरोना के खतरे को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह एक अलग विषय है। इसके लिए रूकना चाहिए या नहीं। लेकिन पहले वो भविष्यवाणियां बहुत करते थे, जो यह यात्रा कर रहे हैं, ट्वीट करते थे। उन्हें तो दूर तक का दिखाई दे रहा है। वह देख रहे होंगे। उन्हें दिव्य दृष्टि प्राप्त हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना के खतरे को देखते हुए राहुल गांधी को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की अपील की है।