यूपी के मंत्रियों ने प्रयागराज महाकुंभ का जनता को दिया न्यौता
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में प्रयागराज महाकुंभ मेले का लोगो यूपी सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और कृषि राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह द्वारा लॉन्च किया गया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने मध्यप्रदेश की जनता को महाकुंभ में आने का आमंत्रण दिया और इस आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बताया। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह आयोजन न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में एकता और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक बनेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार महाकुंभ में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जो पिछले कुंभ की तुलना में कहीं अधिक होगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुंभ मेले में इस बार कई नई सुविधाएं और तकनीकी नवाचार होंगे, जिससे श्रद्धालुओं को एक दिव्य और अद्भुत अनुभव मिलेगा। प्रयागराज महाकुंभ 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होगा और यह इस बार विशेष रूप से "प्लास्टिक मुक्त" रहेगा। श्रद्धालुओं को डिजिटल कुंभ का अनुभव मिलेगा और कुंभ स्थल पर स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शुद्ध पेयजल और स्मार्ट पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, श्रद्धालुओं को उनकी पहचान के लिए रिस्ट बैंड भी दिए जाएंगे।
इस मौके पर दोनों मंत्री यूपी सरकार की तरफ से नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के सरकारी बंगले भी पहुंचे और उन्हें कुंभ मेला आने का निमंत्रण दिया। नेता प्रतिपक्ष ने उनका स्वागत किया और कुंभ में शामिल होने की सहमति दी। यह आयोजन इस बार पहले से कहीं अधिक बेहतर और सुरक्षित होगा, जिसमें हर पहलू का ध्यान रखा गया है। मंत्रीद्वय ने मध्यप्रदेशवासियों को प्रयागराज में होने वाले इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।