मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश का प्रभारी बदल दिया है। गुरुवार को जारी आदेश में मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल को हटाकर पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को मप्र का प्रदेश प्रभारी बनाया है। सुरजेवाला को कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश चुनावों के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया था। वे वर्तमान दायित्वों के साथ प्रदेश प्रभारी का कार्य भी देखेंगे।
जेपी अग्रवाल की बढ़ती उम्र और चुनावी वर्ष में कम सक्रियता के चलते हटाया गया है। हालांकि, अग्रवाल की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से कुछ मुद्दों पर खटपट चल रही थी। इसे भी अग्रवाल को हटाने का कारण बताया जा रहा है। जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भी जेपी अग्रवाल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के निर्णयों से पूरी तरह से सहमत नहीं थे। कई जिलों की सूची भी उन्होंने स्थगित कर दी थी। कांग्रेस ने गुजरात के प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा को हटाकर मुकुल वासनिक को जिम्मेदारी सौंपी है।