भोपाल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
- फोटो : ANI
पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में जब पुलिस समझाईश देकर लौट गई तो सिरफिरे युवक ने एयरपोर्ट पर बम रखे होने की सूचना दे दीI बम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बीडीडीएस टीम ने एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच की और बाद में सूचना देने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लियाI आरोपी का कहना था कि पुलिस सुनवाई नहीं कर रही थी, इसलिए उसने यह सूचना दी थीI
गांधी नगर पुलिस के मुताबिक सुभाष नगर ऐशबाग निवासी दशरथ सिंह उर्फ आशीष (33) प्रायवेट काम करता हैI उसका अपने पिता से अक्सर विवाद होता रहता हैI बीती 16 सितंबर की शाम को विवाद होने पर उसने डायल 100 पर काल किया थाI पुलिस मौके पर पहुंची और घरेलू विवाद होने के कारण समझाईश देकर लौट गईI
इससे नाराज दशरथ ने रात करीब दस बजे दोबारा डायल 100 को फोन लगाया और बोला कि राजाभोज एयरपोर्ट पर बम रखा हुआ हैI मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल ही बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वाड टीम के साथ एयरपोर्ट की सर्चिंग की, लेकिन कुछ नहीं मिलाI उसके कालर को फोन कर बात की गई तो दशरथ ने स्वीकार कर लिया कि उसी ने बम की सूचना दी थीI मामले की तस्दीक होने के बाद बुधवार को पुलिस ने उसके खिलाफ वायुयान सुरक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लियाI आरोपी ने जिस मोबाइल से फोन किया था, उसकी सिम उसके पिता के नाम पर हैI आरोपी को हिरासत में ले लिया गया हैI