सीएम डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में एक विशाल कार्यक्रम के दौरान प्रदेशवासियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में लाडली बहना योजना, गैस सिलेंडर रीफिल सहायता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 2 करोड़ 10 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में कुल 1961 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री 1 करोड़ 29 लाख लाडली बहनों के खातों में नवंबर माह की 1250 रुपये की किश्त के रूप में कुल 1573 करोड़ रुपये जमा करेंगे। 26 लाख बहनों को गैस रीफिल सहायता के तहत 55 करोड़ रुपये का लाभ दिया जाएगा और 55 लाख पेंशन हितग्राहियों को 333 करोड़ रुपये उनके खातों में अंतरित किए जाएंगे।
विशेष कार्यक्रम और दिव्यांगजन सहायता वितरण
मुख्यमंत्री इंदौर के ग्रामीण हाट बाजार में आयोजित कार्यक्रम में 450 से अधिक दिव्यांगजनों को मोटोराइज्ड ट्राइसिकल, लैपटॉप और अन्य सहायक उपकरण वितरित करेंगे। इसके अलावा, आईटीसी के एक अन्य कार्यक्रम में भी वे शामिल होंगे, जिसमें विभिन्न योजनाओं के तहत दिव्यांग हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर आशीष सिंह की पहल से विकसित ‘दिव्यांग सशक्त पोर्टल’ के माध्यम से चयनित 5 दिव्यांगजनों को निजी कंपनियों में नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
तलवार चलाने का बनेगा विश्व रिकॉर्ड
इस अवसर पर नेहरू स्टेडियम में 5,000 से अधिक बालिकाओं द्वारा तलवार चलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिला और संभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।