Ram Mandir Pran Pratishtha Ayodhya: श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पावन प्रसंग पर श्री महाकाल मंदिर उज्जैन से पांच लाख लड्डू भेजे जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह जानकारी दी।
अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हो रहा है। इसको लेकर पूरे देश में उत्सव मनाने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में कहा कि हमारा 17 लाख साल पुराना भगवान राम और अयोध्या का प्रसंग हैं। हम तो सौभाग्य शाली है। अयोध्या बुला रही है और भक्त जा रहे हैं। हम वह द्दश्य देखेंगे। सीएम ने कहा कि अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्देश दिए है कि 22 तारीख के बाद जब जब जिन राज्यों को तारीख दी जाएगी उसके अनुसार जाएंगे। दो हजार साल पहले भी सम्राट विक्रमादित्य ने अयोध्या में में राम का मंदिर बनवाया था। उसी मंदिर को पांच सौ साल पहले बाबर ने तोड़ा है। जब दोबारा मंदिर का निर्माण हो रहा है तो इसमें मध्य प्रदेश कैसे पीछे रह सकता है। हम विक्रमादित्य की नगरी से श्री महाकाल मंदिर उज्जैन से 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पावन प्रसंग पर 5 लाख लड्डू भेजे जायेंगे। बाबा महाकाल का प्रसाद अयोध्या जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद जी की जयंती की सभी को बधाई देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंदौर को स्वच्छता में नंबर वन का पुरस्कार सातवीं बार मिला है। मध्य प्रदेश स्वच्छता में दूसरे स्थान पर आया है। इसके लिए सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में 10 से 15 जनवरी तक मकर संक्रांति पर्व घोषित किया गया है। इस क्रम में महिला सशक्तिकरण गतिविधियों के साथ विभिन्न कार्यक्रम हुए हैं। इसी तरह 13 जनवरी को शहडोल में जनजाति वर्ग के भाई बहनों के साथ कार्यक्रम और 14 एवं 15 जनवरी को विभिन्न भारतीय खेलों और पतंग बाजी के कार्यक्रम प्रदेश में होंगे। माता और बहनों के लिए यह पर्व उत्साह और उमंग का अवसर होता है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मकर संक्रांति पर उत्तरायण का प्रारंभ होता है। सूर्य देव दिशा बदलते हैं उज्जैन के निकट डोंगला वेधशाला में सूर्य देव को कक्षा बदलते देखा जा सकता है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ज्ञान और विज्ञान आधारित ऐसी गतिविधियों से आमजन को जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव और मंत्री सारंग ने उड़ाई पतंग
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कुशाभाऊ कन्वेशन सेंटर परिसर में 10 जनवरी से प्रारंभ हुए मकर संक्रांति उत्सव के अंतर्गत युवाओं के साथ पतंग उड़ाई। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी उपस्थित थे
बता दें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए विभिन्न स्तर पर तैयारी चल रही है। उज्जैन के उन्हेल रोड पर ग्राम सोंडग में 51 किलो की बड़ी अगरबत्ती बनाई जा रही है। इस अगरबत्ती को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन अंगारेश्वर मंदिर में प्रज्वलित किया जाएगा। इसका निर्माण काय के गोबर, गाय के घी, चंदन, गूगल फूलों व अन्य सुगंधित पदाथों के प्रयोग से महिला कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। भोपाल में युवा भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन को खास बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। युवाओं ने राम नाम वाले दीपक बना रहे हैं। इन दीपक को 22 जनवरी को घर घर राम के नाम का दीपक जलाने के लिए वितरित किया जाएगा। मंदिरों में पूजा अर्चना का आयोजन किया जाएगा।