Pahalgam Attack: यह पाकिस्तान की कायराना हरकत है। पाकिस्तान और उसके पिछलग्गुओं की इस कायराना हरकत का जवाब देने के लिए पूरा देश एकजुट है और हमारी सरकार भी बहुत अच्छे से प्लानिंग करके आगे बढ़ रही है। पहलगाम में आतंकी हमले पर मप्र के मुखिया मोहन यादव ने ये प्रतिक्रिया दी है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम जिले के बैसरन में मंगलवार दोपहर हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बैसरन घाटी में घुमने आए पर्यटकों पर किए गए इस हमले में 28 लोगों की जान चली गई, जिनमें दो विदेशी नागरिक और दो स्थानीय लोग भी शामिल हैं। मरने वालों में से एक इंदौर के भी हैं। जिनकी इस हमले में जान चली गई है। अब इस हमले के बाद लोगों में गुस्सा व्याप्त है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई राजनेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
विज्ञापन
क्या बोले सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ कायराना आतंकी हमला घोर निंदनीय है। इस कायराना और अमानवीय कृत्य में कई निर्दोष लोगों की जान गई है। मैं सभी दिवंगतों की पुण्यात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि इस घृणित कृत्य में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि हमले में सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। आतंकवाद के खिलाफ हमारा देश एकजुट है, आतंकवादियों की जम्मू-कश्मीर को अशांत करने की कोई भी साजिश कभी कामयाब नहीं होगी और इस कुकृत्य का मुंहतोड़ जवाब आतंकियों को अवश्य मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने जताया दुख
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पहलगाम हमले में इंदौर निवासी सुशील नथानियल जी की दुखद मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। उन्होंने आगे कहा कि इस हादसे में घायल उनकी बेटी को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दिया जाए। यह हमला इंसानियत पर हमला है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। शोक में डूबे परिवार के साथ मेरी पूरी संवेदनाएं हैं।
विज्ञापन
मन विचलित कर देती है ऐसी खबर: नरेंद्र सिंह तोमर
विधानसभा स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा निर्दोष नागरिकों पर किये गए कायरानापूर्ण हमले के समाचार से मन विचलित है। इस घृणित कृत्य में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
जीतू पटवारी ने कहा कि आतंकी हमले जैसी "कायराना करतूत" करने वाली भारत विरोधी ताकतों को केंद्र सरकार नेस्तनाबूद करे। संकट की इस घड़ी में पूरा देश एकजुट और सरकार के साथ है।