बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के परिवार के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी एसडीएम आकिब खान को क्लीन चिट मिल गई है। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि एसडीएम द्वारा विधायक की मां, भाई और बहू के साथ कोई अभद्रता या धक्का-मुक्की नहीं की गई। जांच दल के प्रतिवेदन के अनुसार, ऐसी कोई घटना नहीं पाई गई है। यह जानकारी विधानसभा में विधायक नारायण सिंह पट्टा के सवाल का लिखित उत्तर देते हुए सरकार ने दी। सरकार ने बताया कि जांच दल की रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई थी और जब रिपोर्ट आई, तब यह स्पष्ट हुआ कि कोई ऐसी घटना घटी ही नहीं। इसके बाद सरकार ने आईएएस अधिकारी खान के खिलाफ कोई कार्रवाई करने का प्रस्ताव नहीं भेजा। विधानसभा में यह भी जानकारी दी गई कि विधायक द्वारा 2 फरवरी को मुख्य सचिव को संबोधित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद जबलपुर संभागायुक्त से जांच रिपोर्ट और अभिमत मंगवाए गए थे।
विधायक ने आरोप लगाया था कि एक लड़का, जो गांव में जेसीबी से गौशाला के लिए मिट्टी की खुदाई कर रहा था, जब एसडीएम आकिब खान को देखा, तो वह डरकर विधायक के पैतृक घर में घुस गया। एसडीएम ने उसका पीछा किया और घर में घुसकर उस लड़के के साथ मारपीट की। इस दौरान विधायक की वृद्ध मां और बहू के साथ भी धक्का-मुक्की की गई थी।