भाजपा ने राहुल गांधी और कल्याण बनर्जी का पुतला जलाया
- फोटो : अमर उजाला
राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा ने भोपाल में प्रदर्शन किया। भाजपा ने राजधानी के रोशनपुरा चौराहे पर दोनों नेता के खिलाफ नारेबाजी और पुतला दहन किया। इस अवसर पर भजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और इंदौर से विधायक कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विश्वास सारंग, भगवान दास सबनानी समेत अन्य बड़े नेता उपस्थित थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी देश से उपराष्ट्रपति के अपमान के लिए माफी मांगे।
प्रजातंत्र की रक्षा के लिए भाजपा सड़क पर हैं- विजयवर्गीय
वहीं, कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राजनीति में विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन आचरण मर्यादित होना चाहिए। टीएमसी के सांसद ने संविधानिक पद पर बैठे उपराष्ट्रपति की मिमिक्री की। उसकी निंदा करने की जगह राहुल गांधी ने वीडियो बनाया। यह कांग्रेस का गंदा चरित्र है कि वह संविधानिक पद पर बैठे लोगों का अपमान करती है। संविधान की धज्जियां उड़ाती है। इसके खिलाफ आज भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में प्रजातंत्र की रक्षा के लिए और संविधानिक पद पर बैठे लोगों के स्वाभिमान की रक्षा के लिए पुतला दहन किया है। भाजपा प्रजातंत्र की हत्या नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि आज प्रजातंत्र की रक्षा के लिए लिए भाजपा आज सड़क पर है। बता दें प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता हाथ में राहुल गांधी और कल्याण बनर्जी क क्रास से कटी तस्वीर के पोस्टर पकड़े हुए थे। इस दौरान वह राहुल गांधीऔर कल्याण बनर्जी मुर्दाबाद के नारे भी लगा रहे थे।
क्या है मामला
दरअसल शीतकालीन सत्र में सस्पेंड किए विपक्षी दल के सांसद संसद में धरना दे रहे थे। तभी तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करनी शुरू कर दी। इस पर पास बैठे सांसदों ने ठहाके लगाने शुरू कर दिए। इसका वीडियो भी बनाया गया। एक वीडियो में कांग्रेस नेता कल्याण बनर्जी का मिमिक्री करते वीडियो रिकॉर्ड करते देखे जा रहे हैं। इस घटना को उपराष्ट्रपति ने शर्मनाक बताया। साथ ही कहा कि गिरावट की हद होती है। वहीं, इस मामले में दिल्ली में अभिषेक गौतम नाम के व्यक्ति ने संसद में भारत के उपराष्ट्रपति की मानहानि का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।