उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए जमीन की जरूरत को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए लैंड पुलिंग एक्ट का भारतीय किसान संघ ने विरोध किया है। भोपाल में किसान संघ के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश बैठक में नए कानून का विरोध किया गया। बैठक शामिल होने पहुंचे अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने मीडिया से चर्चा में कहा कि सैकड़ों वर्षों से उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन हो रहा है, किसान अपनी सहभागिता देकर आयोजन में जमीन देता आया है। बदले में सरकार किसान को उसकी जमीन का किराया देती थी। लेकिन अब सरकार लैंड पुलिंग एक्ट के तहत किसान की जमीन छीनना चाहती है और उस पर स्थाई निर्माण करना चाहती है। इसके लिए प्रदेश और उज्जैन का किसान तैयार नहीं है। मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंहस्थ और लैंड पुलिंग के नाम पर किसान की जमीन छीनकर उनका विस्थापन करना चाहती है। यह प्रदेश के किसानों और किसान संघ को स्वीकार नहीं है। इस विषय को लेकर हमारी गांव गांव जाने की तैयारी चल रही है।