पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक्
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल स्थित अपने निवास कार्यालय पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विभागीय अधिकारियों और प्रमुख रिफाइनरी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब सड़क निर्माण कार्यों में प्रयुक्त डामर की सप्लाई केवल सरकारी रिफायनरियों से होगी और उसे जीपीएस आधारित ई-लॉकिंग सिस्टम वाले टैंकरों से किया जाएगा। इससे न सिर्फ डामर की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता भी आएगी। इस प्रक्रिया के तहत, रिफाइनरी से डामर का टैंकर लॉक होकर रूट पर निर्धारित किया जाएगा और संबंधित अधिकारी केवल ओटीपी के माध्यम से टैंकर को अनलॉक करेंगे। ठेकेदारों के हॉटमिक्स प्लांट पर डामर की सप्लाई से पहले इंजीनियर द्वारा रिफाइनरी पोर्टल से सप्लाई वेरीफाई की जाएगी।
इसके साथ ही, मंत्री ने अधिकारियों को माह में दो बार औचक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इन निरीक्षणों का चयन सॉफ्टवेयर के माध्यम से रैंडम आधार पर किया जाएगा और निरीक्षण दल की जानकारी एक दिन पहले दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान सेम्पल्स को गोपनीय तरीके से लिया जाएगा और उनका परीक्षण बिना किसी ठेकेदार या लेब टेक्नीशियन को जानकारी दिए किया जाएगा। मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता जिलों का दौरा करके निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे और वे स्वयं इस रिपोर्ट की समीक्षा करेंगे।