मध्य प्रदेश के गुना जिले में हनुमान जयंती के अवसर पर 12 अप्रैल को निकाली गई शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद के चलते तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। इस दौरान पत्थरबाजी की घटना भी सामने आई, जिससे इलाके का माहौल बिगड़ गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा को उनके पद से हटा दिया है। उन्हें भोपाल मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह अब अंकित सोनी को गुना का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
बता दें 12 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर गुना के शाह के कोल्हूपुरा क्षेत्र से एक शोभायात्रा निकाली गई थी, जो रपटा और हाट रोड की ओर जा रही थी। जब यह जुलूस कर्नलगंज की एक मस्जिद के सामने पहुंचा, तभी आगे बढ़ने को लेकर एक स्थानीय पार्षद की किसी व्यक्ति से कहासुनी हो गई। इसी दौरान अचानक पत्थरबाज़ी शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, इस शोभायात्रा के लिए प्रशासन से पूर्व में कोई अनुमति नहीं ली गई थी। हालात बिगड़ते देख पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हनुमान चौराहे पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया और सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी, एसपी संजीव कुमार सिन्हा और कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर जाम हटवाया और शांति बहाली के प्रयास किए।