झूले में बैठकर फोन पर चर्चा करते मप्र के मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव
- फोटो : एएनआई
मध्यप्रदेश के मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव इन दिनों मोबाइल के सिग्नल नहीं मिलने से परेशान हैं। इसलिए वे अपने गृह नगर अशोक नगर जिले में 9 दिनों तक रोज 3 घंटे झूले पर बैठकर फोन पर चर्चा कर काम निपटा रहे हैं। इलाके में मोबाइल सिग्नल नहीं होने की वजह उन्हें लोगों की समस्याओं का समाधान करने में दिक्कत होती है। इसलिए उन्होंने यह तरकीब निकाली। मंत्री महोदय को रोज मोबाइल सिग्नल के लिए झूले में बैठ कर थोड़ा ऊपर जाना पड़ता है।
इसकी एक तस्वीर और वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि क्या यही ‘डिजिटल भारत’ है। आमखो गांव में झूले पर बैठे मंत्री की यह तस्वीर रविवार को एक समाचार पत्र में प्रकाशित हुई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह गांव मंत्री ब्रजेन्द्र सिंह यादव के गांव सुरेल के पास है और चंदेरी तहसील में आता है। वह इस गांव में नौ दिन की भागवत कथा करवा रहे हैं और इस कार्यक्रम में मेला भी लगा हुआ है, जिसमें झूले लगे हुए हैं।
इलाके में मोबाइल नेटवर्क की परेशानी रहती है, इसलिए मंत्री झूले का इस्तेमाल कर ऊंचाई पर पहुंच कर लोगों से मोबाइल पर बात करते हैं।
यादव ने मीडिया से कहा,‘ स्थानीय लोग अपनी समस्याओं को लेकर मेरे पास आ रहे हैं। इलाके में खराब मोबाइल नेटवर्क के चलते मैं उनकी मदद नहीं कर पा रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘इसलिए मैं अच्छे सिग्नल पाने के लिए इस झूले पर बैठ कर ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अधिकारियों से बात करता हूं और लोगों की समस्याओं का निराकरण करवाता हूं।’’ यादव ने कहा, ‘‘मैं नौ दिन इस गांव में रहूंगा। मैं भागवत कथा एवं श्रीराम महायज्ञ करवा रहा हूं।’