मध्यप्रदेश में हवाओं का रुख बदल रहा है। हवाओं में गर्मी होने के कारण दिन-रात का तापमान बढ़ा हुआ है। हालांकि सुबह-रात के वक्त गुलाबी ठंड का अहसास बना हुआ है। प्रदेश में पचमढ़ी सबसे ठंडा तो उमरिया सबसे गर्म रहा। अभी कुछ समय तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। हालांकि अधिकांश जगह बढ़त हुई है। ग्वालियर संभाग के जिलों में सामान्य से काफी अधिक, भोपाल, शहडोल, रीवा और सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक रहा। अगले 24 घंटों में भी मौसम शुष्क बना रहेगा। संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के शेष दिनों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रात का तापमान कहीं-कहीं गिरा है तो दिन का पारा लगभग स्थिर रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा। पचमढ़ी में 9, मलाजखंड में 10.9, उज्जैन में 12.2, रीवा में 12.4, बैतूल में 12.5, मंडला में 12.7, छिंदवाड़ा में 12.8, उमरिया में 13.2, रायसेन में 13.4, खजुराहो में 13.5, ग्वालियर में 13.8, धार में 13.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दिन का पारा भी 35 डिग्री के ऊपर ही चल रहा है। प्रदेश में सबसे गर्म उमरिया रहा। उमरिया में 35.6, खंडवा-राजगढ़ में 35.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवाओं का रुख पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी हो गया है। तापमान में ज्यादा परिवर्तन की गुंजाइश नहीं है। वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम भी एक्टिव नहीं है। हवाओं में गर्मी होने के कारण दिन-रात का तापमान बढ़ा हुआ है। इस तरह की स्थिति अभी बनी रहेगी। शनिवार से एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा। इससे मौसम के मिजाज में कुछ परिवर्तन होने की संभावना है। हालांकि अब दिन का तापमान सभी शहरों में 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही बना रहने का अनुमान है। हालांकि रात में गुलाबी ठंडक बनी रहेगी।