फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Weather Today: हवाओं के बदले रुख ने उछाला तापमान, जानें फिर कब से पड़ेगी सर्दी

Thu, 12 Jan 2023 03:47 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

Madhya Pradesh Weather Today: प्रदेश में आने वाली हवाओं का रुख एक बार फिर दक्षिणी हो गया है, जिससे तापमान में उछाल होने लगा है। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि मकर संक्रांति के बाद फिर ठिठुरन बढ़ेगी। 
विज्ञापन
एमपी मौसम आज: मध्यप्रदेश में मौसम बदला है। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश में मौसम बदला है। हवाओं का रुख दक्षिणी होने से तापमान में उछाल दर्ज किया गया। हालांकि देश के ऊपरी हिस्से में बर्फबारी फिर शुरू हो गई है। हवाओं का रुख उत्तरी होते ही मप्र में फिर ठिठुरन बढ़ेगी। 15 जनवरी के बाद मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी और उमरिया रहे। दोनों ही जगह पारा 6.4 डिग्री तक गया है। 
विज्ञापन


मौसम केंद्र की रिपोर्ट कहती है कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। छतरपुर, रीवा, दतिया और ग्वालियर जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहा। न्यूनतम तापमान उज्जैन, ग्वालियर और सागर संभागों के जिलों में काफी बढ़े एवं शेष संभागों में कोई परिवर्तन नहीं रहा। ग्वालियर संभाग में सामान्य से अधिक तापमान रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा उमरिया रहा। 

कैसे रहेंगे आने वाले 24 घंटे
अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि मौसम शुष्क रहेगा। चंबल संभाग, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट दिया है। 14-15 जनवरी के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। 
विज्ञापन


दिन और रात का पारा उछला
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो न्यूनतम तापमान में उछाल दर्ज किया गया। एक दिन में साढ़े तीन डिग्री तक पारा ऊपर खिसका है। पूर्वी मप्र में अधिकांश जगह रात का पारा 10 डिग्री के नीचे बना रहा। प्रदेश में सबसे ठंडे पचमढ़ी और उमरिया रहे। दोनों जगह 6.4, मलाजखंड में 7.1, रायसेन में 7.5, छिंदवाड़ा में 8.1, मंडला में 8.2, रीवा में 8.4, खजुराहो में 8.6, नौगांव में 8.7, दमोह में 9, सतना में 9.1, जबलपुर में 9.2, बैतूल में 9.5, दतिया में 9.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में भी उछाल रहा। साढ़े 4 डिग्री तक का उछाल देखा गया। दिन का पारा एक बार फिर 31 डिग्री के पार जाने लगा है। प्रदेश में सबसे गर्म खरगोन रहा। खरगोन में 31.2, खंडवा में 31.1, उमरिया में 30.2, मंडला में 30, दमोह में 29.2, छिंदवाड़ा में 28.2, नर्मदापुरम में 28.1, रतलाम में 28 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। 

संक्रांति के बाद फिर बढ़ेगी सर्दी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में आने वाली हवाओं का रुख एक बार फिर दक्षिणी हो गया है, जिससे तापमान में उछाल होने लगा है। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि मकर संक्रांति के बाद फिर ठिठुरन बढ़ेगी। जानकार बता रहे हैं कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से पाकिस्तान के मध्य में एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में वर्षा होने की भी संभावना है। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें