मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। बता दें कि सूची में 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।
बालाघाट में लोकसभा की बीजेपी प्रत्याशी भारती पारधी के समर्थन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के साथ रोड शो कर जनता का आशीर्वाद लिया। बालाघाट की जनता ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया।
पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के निवास पर पहुंचे सीएम मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा। छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान दीपक सक्सेना से बंद कमरे में हुई गहन चर्चा। जीवन भर कांग्रेस के लिए समर्पित रहने वाले दीपक सक्सेना अब पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। उनसे सुदीर्घ राजनीतिक अनुभव और छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र को लेकर उनका काम छिंदवाड़ा का हर राजनेता जानता है।
विवेक बंटी साहू ने किया नामांकन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं प्रह्लाद पटेल की उपस्थिति में बुधवार को छिंदवाड़ा लोकसभा से पार्टी प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
जबलपुर लोकसभा से पार्टी प्रत्याशी आशीष दुबे ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं राकेश सिंह भी उपस्थित थे।
पूर्व मंत्री के बेटे भी रहे नामांकन में मौजूद
भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने बुधवार को छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन फॉर्म दाखिल किया। इस दौरान उनके पिता नरेंद्र साहू और माता भी मौजूद रहीं। नामांकन दाखिल करते समय पूर्व प्रोटेम स्पीकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के बेटे अजय सक्सेना भी उनके साथ मौजूद थे। बताया जा रहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन फॉर्म दाखिल करवाएंगे।
दीपक सक्सेना नहीं हुए थे नकुल की रैली में शामिल
गौरतलब है कि एक दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ ने अपना नामांकन भरा था। इस रैली से दीपक सक्सेना नदारद थे। हालांकि उनके बड़े बेटे जय सक्सेना इस रैली में मौजूद थे। बुधवार को दीपक सक्सेना के छोटे बेटे अजय सक्सेना विवेक बंटी साहू की नामांकन रैली में नजर आए।
थांदला विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को बताया चोर
झाबुआ जिले में थांदला से कांग्रेस विधायक वीर सिंह भूरिया ने विवादित बयान दिया है। वे ग्राम मदरानी में आयोजित कार्यकर्ताओ की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान झाबुआ प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया भी मौजूद थे। वीरसिंह भूरिया ने कहा कि हम सबको पूरी ताकत और मेहनत के साथ लोकसभा चुनाव जीतना है, जैसे हमने सोसायटी चुनाव जीता था। भाजपा ने किसे टिकट दिया कोई उसे पहचानता है। वो भिलाला है, डाकू चोर लोग हैं वो। चोरी करने वाले लोग हैं वो कहां के लोग हैं आलीराजपुर के हैं, उनको कोई जानता है और अपने कोई उन्हें पहचानता है। लेकिन कांतिलाल भूरिया जी को सभी पहचानते हैं। थांदला के एमएलए रहे और 4-5 बार के सांसद रहे। हम सभी ने उन्हें जिताया और भारत सरकार के वे मंत्री भी रहे। आप किसी के बहकावे में न आएं और अपनी पार्टी के लिए मेहनत करें। अपनी पत्नियों से कह दो लाडली बहना को भूल जाएं और कांग्रेस को वोट करें।
सीएम पहुंचे जबलपुर
सीएम मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा जबलपुर पहुंच चुके हैं। वे चुनावी रथ पर सवार होकर निकल रहे हैं। सीएम मोहन यादव जबलपुर के शहीद स्मारक से सभा को संबोधित करेंगे। वे भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे के नामांकन के दौरान उपस्थित रहेंगे। इसके बाद सीएम छिंदवाड़ा भी जाएंगे और भाजपा प्रत्याशी विवेक साहू बंटी के समर्थन में आमसभा को संबोधित करेंगे और नामांकन रैली में शामिल होंगे।
शिवराज ने दी कांग्रेस को सलाह
बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी जो जवाबदारी देगी उसे निभाऊंगा। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस छिंदवाड़ा में नहीं टिकेगी, वहां से भी जाने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की लोकप्रियता के कारण हम सभी 29 सीटें जीतेंगे। बता दें 2019 के चुनाव में प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। छिंदवाड़ा सीट पर पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव जीते थे। शिवराज ने कहा कि इस बार भाजपा ने प्रदेश की सभी सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस ने अभी 6 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। इस पर पूर्व सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस को जल्द ही उम्मीदवार घोषित करना चाहिए।
विस्तार से पढ़ें- शिवराज बोले-छिंदवाड़ा में नहीं टिकेगी कांग्रेस, मां के 3 बेटियों के साथ फांसी लगाने की घटना पर जताया दु:ख
कांग्रेस को लगा झटका
अनूपपुर में लोकसभा नामांकन से कुछ घंटे पूर्व ही कांग्रेस को झटका लगा है, जहां कांग्रेस के जिला तथा प्रदेश स्तर के पदाधिकारी ने भाजपा की सदस्यता ले ली। इसके साथ ही दो कांग्रेस पार्षद एवं दो निर्दलीय पार्षदों ने भी सदस्यता ली है। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल के बिजुरी स्थित कार्यालय में कांग्रेस के जिला महामंत्री मुकेश शुक्ला एवं उनकी पत्नी तथा वार्ड क्रमांक 12 बिजुरी से पार्षद लक्ष्मी शुक्ला ने भाजपा की सदस्यता ले ली। इसके साथ ही कांग्रेस सेवा दल के कोतमा ब्लॉक अध्यक्ष शिव लखन शुक्ला ने भी भाजपा की सदस्यता ली है। साथ ही वार्ड क्रमांक एक की निर्दलीय पार्षद शालिनी विवेक द्विवेदी तथा वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद पति बालकिशुन ने भी भाजपा की सदस्यता ले ली है ।
बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के अनूपपुर पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस पार्टी को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लोकसभा नामांकन के लिए जीतू पटवारी कांग्रेस के उम्मीदवार फुंदेलाल सिंह के नामांकन के लिए आज अनूपपुर पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का संयुक्त दौरा कार्यक्रम
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव 27 मार्च को जबलपुर, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट जिलों के प्रवास पर रहेंगे। वे अनूपपुर कांग्रेस के लोकसभा के अधिकृत प्रत्याशी फुंदेलाल सिंह मार्कों की नामांकन रैली में शामिल होंगे। नेतात्रय दोपहर 12.15 बजे हेलीकॉप्टर से अनुपपुर से प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे मंडला पहुंचेंगे, जहां मंडला से कांग्रेस के अधिकृत लोकसभा प्रत्याशी ओमकार सिंह मरकाम की नामांकन रैली में शामिल होंगे। नेतात्रय उसी दिन दोपहर 2.30 बजे मंडला से प्रस्थान कर दोपहर 3.15 बजे बालाघाट पहुंचेंगे और वहां बालाघाट लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी सम्राट सिंह सरस्वार की नामांकन रैली में शामिल होंगे। तीनों नेता शाम 4.45 बजे हेलीकॉप्टर से बालाघाट से जबलपुर जायेंगे और शाम 5.30 बजे वहां से भोपाल के लिए कार द्वारा रवाना होंगे।
विवेक बंटी साहू नामांकन भरने से पहले जाम सावली के हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने हनुमान जी से आशीर्वाद मांगा। बता दें कि आज उनकी नामांकन रैली है। इस रैली में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेता आने वाले हैं। दोपहर 11:00 बजे विवेक बंटी साहू अपना नामांकन जमा करेंगे। इसको लेकर काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। सुबह ही उन्होंने हनुमान मंदिर जाम सावली में अपनी हाजिरी लगाई।
पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं बंटी साहू
बंटी साहू का यह पहला लोकसभा चुनाव है। इससे पहले वे दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों ही बार उन्होंने पूर्व सीएम कमलनाथ के सामने चुनाव लड़ा था, जिसमें वह हार गए थे। इस बार कमल नाथ की बेटे नकुल नाथ के साथ विवेक बंटी साहू अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।ं
दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया कल से
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू हो जाएगी। 8 अप्रैल तक चलेगी। इस चरण में टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, नर्मदापुरम, बैतूल लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। दूसरे चरण की सीटो पर 4 अप्रैल तक नामांकन जमा किए जाएंगे। 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच का काम होगा। नाम वापसी 8 अप्रैल तक हो सकेगी। यहां 26 अप्रैल को मतदान होगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव कुछ देर में पहुंचेंगे जबलपुर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार को जबलपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट के चुनाव प्रचार पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सुबह 10.30 बजे भोपाल से जबलपुर पहुंचकर शहीद स्मारक पर आयोजित आमसभा में भाग लेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल भी नामांकन रैली में उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात रोड शो में भाग लेंगे और दोपहर 12 बजे भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे के नामांकन के दौरान उपस्थित रहेंगे। यादव दोपहर 12. 45 बजे छिंदवाड़ा पहुंचकर दशहरा मैदान में भाजपा प्रत्याशी विवेक साहू बंटी के समर्थन में आमसभा को संबोधित करेंगे और नामांकन रैली में शामिल होंगे। डॉ. यादव छिंदवाड़ा से दोपहर 2.20 बजे बालाघाट पहुंचेंगे और भाजपा प्रत्याशी डॉ भारती पारधी के नामांकन में उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात् रोड शो और विशाल आमसभा में भाग लेंगे।
मध्य प्रदेश में BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची
मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव 2024 में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, शिव प्रकाश, डॉ. मोहन यादव, वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम भी शामिल है। मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में ये स्टार प्रचारक बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में सभाएं करेंगे। एमपी की पूर्व सीएम व भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती को जगह नहीं दी गई है। मध्यप्रदेश के भी कई नेता को इस सूची में जगह मिली है। एमपी के सीएम मोहन यादव, एमपी बीजेपी प्रदेश वीडी शर्मा, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और भूपेंद्र पटेल का नाम शामिल है। हाल ही में कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए सुरेश पचौरी की भी जगह दी गई है।
बता दें कि मध्य प्रदेश में चार चरण में मतदान होना है। पहले चरण में छह लोकसभा सीटों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और बालाघाट पर चुनाव होंगे। इसके लिए नामांकन भरने के लिए 27 मार्च आखिरी तारीख है।
पहले चरण की सीटों पर ये आमने-सामने
| लोकसभा सीट | कांग्रेस प्रत्याशी | भाजपा प्रत्याशी |
| सीधी | कमलेश्वर पटेल | डॉ. राजेश मिश्रा |
| मंडला | ओंकार सिंह मरकाम | फग्गनसिंह कुलस्ते |
| छिंदवाड़ा | नकुलनाथ | बंटी साहू |
| शहडोल | फुंदेलाल मार्को | हिमाद्री सिंह |
| बालाघाट | सम्राट सारस्वत | भारती पारधी |
| जबलपुर | दिनेश यादव | आशीष सिंह |
लोकसभा चुनाव 2024 के तहत प्रदेश में पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की बुधवार को अंतिम दिन है। अब तक 49 अभ्यर्थियों ने 64 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर और छिंदवाड़ा के भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के वक्त मौजूद रहेंगे।
लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर चुनाव चार चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए नाम निर्देशन के लिए बुधवार को अंतिम तारीख है। मंगलवार 33 अभ्यर्थियों ने 43 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए हैं। अधिसूचना जारी होने से लेकर अब तक कुल 49 अभ्यर्थियों द्वारा 64 नाम निर्देशन पत्र भरे जा चुके हैं। पहले चरण के लिए नाम निर्देशन पत्र बुधवार को दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा गुरुवार को की जाएगी। नामांकन भर चुके प्रत्याशी शनिवार 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण के लिए शुक्रवार, 19 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना 4 जून को होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होंगे। इसके बाद छिंदवाड़ा जाएंगे और पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ़ में हुंकार भरेंगे। सीएम भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के नामांकन में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।