अपनी प्रेमिका को महंगा आईफोन उपहार में देकर रिझाने की चाहत में एक युवक ने मोबाइल की दुकान से चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराज बाड़ा स्थित टोपी बाजार में यह वाकया सामने आया। चोरी का मोबाइल लेकर भाग रहे आरोपी युवक को बाजार के दुकानदारों और राहगीरों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। लोगों ने उसकी धुनााई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुआ आईफोन बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया है।
ग्राहक बनकर दुकान में घुसा आरोपी
पुलिस के अनुसार महाराज बाड़ा के टोपी बाजार स्थित एमएस मोबाइल सेंटर पर युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने दुकान में मौजूद व्यापारी से आईफोन दिखाने के लिए कहा। दुकानदार ने ग्राहक की मांग पर उसे एक सिल्वर रंग का आईफोन दिखाया। इसी दौरान दुकान पर एक दूसरा ग्राहक आ गया और दुकानदार उससे बातचीत करने में व्यस्त हो गया। दुकानदार को दूसरे ग्राहक के साथ व्यस्त देखकर आरोपी युवक की नीयत खराब हो गई। उसने मौका ताड़ते ही काउंटर पर रखा कीमती आईफोन उठाया और दुकान से बाहर की तरफ भाग खड़ा हुआ।
शोर मचते ही भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ा
कुछ ही पलों के बाद जब दुकानदार की नजर काउंटर पर पड़ी, तो वहां से आईफोन गायब था। दुकानदार तुरंत माजरा समझ गया और आरोपी युवक को भागते देख शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ पड़ा। बाजार में अचानक शोर सुनकर आसपास के व्यापारी और राहगीर भी सतर्क हो गए। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भाग रहे युवक का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। जब लोगों ने युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से दुकान से चुराया गया सिल्वर रंग का आईफोन बरामद हो गया। चोरी का फोन मिलते ही भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
जेब में नहीं थे पैसे, इसलिए चुराया फोन
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ के बीच से युवक को छुड़ाया और उसे थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल यादव बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए अजीबोगरीब वजह बताई। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी प्रेमिका को महंगा आईफोन तोहफे में देकर प्रभावित करना चाहता था। उसके पास फोन खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे, इसलिए उसने दुकान से मोबाइल चुराने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बरामद आईफोन को जब्त कर लिया है और आरोपी युवक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।