मप्र कांग्रेस ने सोमवार रात अपने अंतिम प्रत्याशी का नाम भी घोषित कर दिया। आमला सीट से मनोज मालवे को मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस प्रदेश की सभी 230 सीटों पर प्रत्याशी तय कर चुकी है।
बता दें कि कांग्रेस ने सोमवार को तीसरी सूची के जरिए प्रत्याशी के नाम का एलान किया। इससे पहले दो सूचियों के जरिए कांग्रेस ने 229 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। प्रदेश की आमला सीट होल्ड रखी गई थी।
क्यों होल्ड की गई थी
बैतूल जिले की आमला सीट एससी के लिए रिजर्व है। अब तक चर्चा थी कि कांग्रेस यहां से निशा बांगरे को प्रत्याशी बना सकती है। निशा बांगरे डिप्टी कलेक्टर के पद से इस्तीफा दे चुकी हैं, पर उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। मामला हाईकोर्ट में लंबित है। सोमवार को मामले में निर्णय सामने आने की बात कही जा रही थी, पर शाम तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इधर कांग्रेस ने मनोज मालवे को प्रत्याशी घोषित कर दिया। मनोज नगर परिषद अध्यक्ष रह चुके हैं। कांग्रेस का टिकट तय होने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने के सवाल पर निशा बांगरे बोलीं अब तक मेरे इस्तीफे पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। जब तक इस्तीफा नहीं होता मैं क्या कह सकती हूं।
228 सीटों पर मुकाबले लॉक
बता दें कि प्रदेश में भाजपा 228 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है। दो सीटें होल्ड पर हैं। इस प्रकार प्रदेश की 228 सीटों पर कांग्रेस-भाजपा में मुकाबला तय हो गया है। भाजपा ने गुना और विदिशा सीट होल्ड कर रखी है। बताया जा रहा है कि यहां संघ और संगठन में तालमेल बैठाने की कोशिश की जा रही है। एक-दो दिन में यहां से नाम सामने आ सकते हैं।