अपने आवास पर महिलाओं के साथ भाईदूज मनाते सीएम शिवराज
- फोटो : अमर उजाला
खुद को महिलाओं का भाई और बच्चों का मामा कहने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भाईदूज मनाने बुधवार को महिलाओं का सैलाब उमड़ा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई घोषणा भी कर दी। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही लखपति बहना योजना शुरू होगी। महिलाओं की आमदनी 10 हजार रुपये महीना हो, इसके लिए स्व: सहायता समूहों के माध्यम से कार्य किया जाएगा।
‘अपनी हर बहन को लखपति बनाऊंगा’
भाईदूज के पर्व पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं अपनी हर बहन को लखपति बनाऊंगा। इसके लिए हम लखपति बहना योजना शुरू कर रहे हैं। इसमें घर का काम-काज करते हुए हर बहन हर महीने कम से कम 10 हजार रुपये कमाएगी। इससे साल में उसकी आमदनी एक लाख के ऊपर होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभी 15 लाख बहनें लखपति हैं। स्वः सहायता समूह के माध्यम से अब इसे एक अभियान के रूप में चलाएंगे। एक आंदोलन बनाएंगे। बहनों का आशीर्वाद ही मुझे ऊर्जा देता है।
बहनों से करवाया तिलक
मुख्यमंत्री निवास पर बुधवार को भाईदूज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को तिलक लगाने पहुंचीं थीं। सीएम शिवराज ने इन सभी से तिलक लगवाकर भाईदूज का हार मनाया। इस मौके पर संगीत और नृत्य का भी आयोजन किया गया। महिलाओं ने सीएम के माथे पर तिलक कर उन्हें आशीर्वाद दिया।
महिला वोटरों पर नजर
भाजपा को विधानसभा चुनावों में महिला वोटरों पर भरोसा है। इसकी वजह से लाड़ली बहना योजना। इसके तहत प्रदेश की 1.31 करोड़ महिलाओं के खाते में हर महीने 1,250 रुपये डाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि यह राशि धीरे-धीरे बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रति माह करने की योजना है। इसके अलावा लाड़ली लक्ष्मी योजना, लखपति दीदी सहित कई अन्य योजनाएं भी महिलाओं को केंद्र में रखकर लागू की गई हैं।