राजधानी में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दुकानों पर ग्राहक बनकर पहुंच रहे हैं और मौका मिलते ही लूटपाट कर फरार हो रहे हैं। साकेत नगर में रविवार सुबह किराना दुकान पर बैठे 67 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी को दो नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। पहले पानी की बोतल खरीदी, फिर शैंपू मांगकर दुकानदार को सामान निकालने में उलझाया और इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि बुजुर्ग संभल भी नहीं पाए। बाहर बाइक लेकर तैयार खड़ा साथी लुटेरे को लेकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पानी लिया, शैंपू मांगा और चेन झपटकर भागे
पुलिस के अनुसार, शिवप्रसाद आचार्य हिंदुस्तान पावर लिमिटेड से सेवानिवृत्त हैं। वह घर के पास किराए की दुकान में किराना व्यवसाय करते हैं। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे काले-लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। ब्राउन रंग की चेकदार शर्ट पहने एक युवक बाइक से उतरा और ग्राहक बनकर दुकान में पहुंच गया। उसने पहले पानी की बोतल मांगी और 100 रुपये का नोट दिया। इसके बाद शैंपू मांगा। शिवप्रसाद सामान निकालने के लिए जैसे ही दूसरी तरफ मुड़े, बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद वह तेजी से दुकान से बाहर निकला और बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। दोनों आरआरएल की तरफ भागे। पुलिस ने सोमवार को प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें-
सतना में अंधे कत्ल का खुलासा: बंद कमरे में मिला वृद्ध भिखारी का शव, 37 हजार रुपये के लालच में साथी ने की हत्या
12.30 ग्राम की थी सोने की चेन
शिवप्रसाद ने पुलिस को बताया कि झपटी गई सोने की चेन का वजन 12.30 ग्राम था। उन्होंने चेन के बिल की छायाप्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। वारदात के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
बदमाशों की गतिविधियां पड़ोसी के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े अन्य सुराग भी खंगाले जा रहे हैं। ग्राहक बनकर दुकान में घुसना, दुकानदार को सामान निकालने में उलझाना और बाहर साथी का बाइक लेकर तैयार रहना वारदात की सुनियोजित रणनीति की ओर इशारा करता है। हालांकि, आरोपितों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, साकेत नगर में हुई इस घटना ने छोटे दुकानदारों और बुजुर्ग व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।