मैन ऑफ द मैच को मिला पांच लीटर पेट्रोल
- फोटो : सोशल मीडिया
क्रिकेट में भारत के लोगों जान बसती है। किसी को क्रिकेट खेलना आता हो या नहीं, फिर भी इस खेल में उसकी दिलचस्पी देखते ही बनती है। लेकिन मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में क्रिकेट के खेल के दौरान एक ऐसा कारनामा हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, यहां मुकाबले के दौरान मैन ऑफ द मैच बने खिलाड़ी को इनाम में 5 लीटर पेट्रोल दिया गया। लोगों का कहना है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर यह विरोध जताने का एक तरीका है, जिसकी काफी तारीफ हो रही है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कई दिनों से क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जा रहा था, जिसका फाइनल मुकाबला रविवार (28 फरवरी) को आयोजित किया गया। यह मैच सनराइजर्स इलेवन और शगीर तारिक इलेवन नाम की दो स्थानीय क्रिकेट टीमों के बीच हुआ। इसमें सनराइजर्स इलेवन ने जीत हासिल की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सनराइजर्स इलेवन के सलाउद्दीन अब्बासी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सलाउद्दीन जब मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार लेने स्टेज पर पहुंचे तो हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, आयोजकों ने उन्हें इनाम में नगद पुरस्कार या ट्रॉफी नहीं दी, बल्कि उन्हें पुरस्कार में 5 लीटर पेट्रोल से भरा हुआ कैन दिया गया।
बढ़ती कीमतों पर जताया विरोध
बता दें कि यह प्रतियोगिता कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने आयोजित कराई थी। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध के लिए यह तरीका चुना। मनोज शुक्ला ने बताया कि जिस तरह पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, उसके मद्देनजर आयोजन समिति ने मैन ऑफ द मैच जीतने वाले को 5 लीटर पेट्रोल देने का निर्णय लिया था। उनका कहना था कि जिस तरीके पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, उससे आने वाले समय में लोगों को पेट्रोल-डीजल पाने के लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ेगा।
मध्यप्रदेश में 100 रुपये से ऊपर दाम
गौरतलब है कि पूरे देश में पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही है। वहीं, मध्य प्रदेश पेट्रोल और डीजल पर सबसे ज्यादा वैट लेने वाले राज्यों में से एक है। ऐसे में यहां सामान्य और प्रीमियम पेट्रोल 100 रुपये से ऊपर बिक रहा है, जिसे लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।