मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के भाजपा कार्यालय में एक युवती के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इसकी निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। ऐसा बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यालय के पुस्तकालय में बुजुर्ग कार्यकर्ता ने युवती के साथ छेड़छाड़ और गंदी हरकतें की थीं।
इसके बाद युवती ने अपनी आपबीती जाहिर करते हुए एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वायरल वीडियो में युवती ने बताया कि वो भाजपा कार्यकर्ता है और दिन के 24 घंटे में से 18 घंटे संगठन के बारे में सोचती है। युवती ने कहा कि संगठन के बारे में जानने और पढ़ने के लिए पार्टी दफ्तर स्थित नानाजी देशमुख पुस्तकालय में जाती थी।
युवती ने वीडियो में बताया कि वो अर्चना प्रकाशन की पुस्तकें पढ़ती थी। युवती कहती है कि पुस्तकालय में एक बुजुर्ग कार्यकर्ता ने 12 मार्च को उसके साथ अभद्रता की और साथ ही युवती की सहेली के साथ ही गलत व्यवहार किया। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी सत्यता का पता लगाया जाएगा कि पूरा मामला क्या है। इसके बाद पार्टी संगठन इस पर कार्रवाई करेगा। वहीं विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इस वीडियो को लेकर सवाल किए हैं और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस के प्रवक्ता सैय्यद जाफर ने कहा कि चाल-चरित्र का दंभ भरने वाले दफ्तर में मामाजी, देखिए आपकी भांजी के साथ क्या हो रहा है? कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि ये नानाजी के संस्कारों का अनुसरण करने गई थी लेकिन उसके साथ भाजपा के कार्यालय में क्या हो रहा है? इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने भी मामले को लेकर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।