कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों को कोयला बांटा
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में कमर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत अब बड़ा सियासी मुद्दा बन गई है। व्यापारियों की परेशानी के बीच कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर अनोखा विरोध दर्ज कराया। भोपाल के बरखेड़ा पठानी इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलिंडर संकट के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। हाथ ठेला चलाकर और कंधों पर बोरे उठाकर कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों को कोयला बांटा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बंद दुकानों तक पहुंचकर बांटा 5-5 किलो कोयला
कांग्रेस नेता रविंद्र साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन दुकानों तक पहुंचकर 5-5 किलो कोयला वितरित किया, जो गैस सिलिंडर न मिलने के कारण बंद पड़ी थीं। कांग्रेस का कहना है कि सिलिंडर की कमी से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस संकट का सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों, होटल और ढाबा संचालकों पर पड़ा है। कई जगहों पर कारोबार ठप होने की स्थिति बन गई है और लोगों की रोजी-रोटी खतरे में है।
यह भी पढ़ें-नाले से गैस निकालने उतरे कांग्रेसी, LPG संकट पर अनोखा प्रदर्शन, लकड़ी के चूल्हे पर बनानी पड़ी चाय
AI के दौर में चूल्हे पर लौटे लोग
रविंद्र साहू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर देश आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर लोग कोयले और चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी बताया।
यह भी पढ़ें-तेज गर्मी के बीच बदलेगा एमपी के मौसम का मिजाज, कल से आंधी-बारिश और गरज-चमक का दौर
महिलाओं तक कोयला पहुंचाने की चेतावनी
कांग्रेस ने साफ कहा कि अगर गैस सिलिंडर की सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई, तो वे घर-घर जाकर महिलाओं को भी कोयला पहुंचाएंगे, ताकि खाना बनाने में दिक्कत न हो। बीजेपी द्वारा संकट से इनकार किए जाने पर कांग्रेस ने कहा कि अगर हालात सामान्य हैं, तो महिलाएं खाली सिलिंडर लेकर धूप में क्यों भटक रही हैं। यह जमीनी सच्चाई है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।