मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के काजी कैंप इलाके में शनिवार रात कर्फ्यू के बीच एक चाय की दुकान चल रही थी। वहां भारी भीड़ थी। ऐसे में कुछ पुलिसकर्मी उसे बंद कराने पहुंचे तो उन पर दुकानदार ने उबलती चाय फेंक दी। हमले में तीन जवान घायल हो गए।
बता दें, कोविड-19 महामारी के दोबारा तेजी से फैलने के कारण भोपाल समेत राज्य के कुछ जिलों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया जाता है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों पर हमले की घटना भोपाल शहर के पुराने इलाके काजी कैंप में शनिवार रात हुई। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा रात नौ बजे से लगाए गए कर्फ्यू के बावजूद वहां एक चाय के दुकान पर भारी भीड़ जमा थी और दुकानदार लोगों को चाय बेच रहा था।
जब पुलिसकर्मियों ने दुकानदार जहीर और उसके रिश्तेदारों को दुकान बंद करने के लिये कहा तो उन्होंने इसे मानने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों पर उबलती चाय की केतली फेंक दी और ईटों से पथराव किया। घटना में हनुमानगंज थाने की तीन सिपाही घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि मामले में जहीर और आठ अन्य लोगों को भादंसं की संबद्ध धाराओं में गिरफ्तार किया गया है जबकि कुछ अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।