भोपाल में दो अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हुए प्रधान आरक्षक गोविंद सिंह पटेल और अधेड़ व्यक्ति भीमराव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गोविंद सिंह 20 दिन पहले गश्त के दौरान कंटेनर की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि भीमराव सड़क पार करते वक्त कार की चपेट में आए थे।
भोपाल शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पहला मामला ईंटखेड़ी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक गोविंद सिंह पटेल का है, जबकि दूसरा हादसा बागसेवनिया थाना क्षेत्र का है। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
20 दिन तक जिंदगी से जूझते रहे प्रधान आरक्षक
ईंटखेड़ी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक गोविंद सिंह पटेल (59) 16-17 जुलाई की रात चार्ली वाहन से मुबारकपुर इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार आयशर कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गोविंद सिंह कंटेनर में फंस गए और चालक उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।
गंभीर रूप से घायल गोविंद सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज हबीबगंज स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। करीब 20 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद मंगलवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
बागसेवनिया में सड़क पार करते वक्त हादसे का शिकार हुआ अधेड़
दूसरी घटना बागसेवनिया थाना क्षेत्र की है, जहां अमराई परिसर निवासी 50 वर्षीय भीमराव पुत्र शंकरलाल 31 जुलाई की रात नर्मदापुरम रोड स्थित प्रधान मंडपम के सामने सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल भीमराव को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।