हज के दौरान प्रदेश से जाने वाले अकीदतमंदों को सुविधा, सुरक्षा और मार्गदर्शन देने के लिए खादिम उल हुज्जाज भेजने की परम्परा है। इस बार इनको नया नाम हज इंस्पेक्टर दिया गया है। हज कमेटी ने इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। 50 वर्ष से कम उम्र के शासकीय कर्मचारी इसके लिए चुने जाएंगे।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2025 के लिए स्टेट हज इंस्पेक्टर (खादिमुल हुज्जाज) के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित कराने के संबंध में परिपत्र जारी किया है। जिसके अनुसार पुरूष आवेदकों के साथ-साथ महिला आवेदक भी स्टेट हज इंस्पेक्टर हेतु आवेदन कर सकती हैं। स्टेट हज इंस्पेक्टर हेतु ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे।
यह होंगे पात्र
हज कमेटी ऑफ इण्डिया के नियम एवं दिशा-निर्देशानुसार केवल वही पुरुष/महिला आवेदक आवेदन करें, जो शासकीय नियमित कर्मचारी हों। इनके लिए हज अथवा उमरा अदा किए होने की अनिवार्यता रखी गई है। साथ ही यह स्थानीय भाषा का ज्ञान रखते हों तथा अरबी भाषा की जानकारी रखने वाले आवेदक को प्राथमिकता दी जाएगी।
अनिवार्यता यह भी
आवेदक स्नातक हो, स्मार्टफोन, इंटरनेट, मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग अच्छी तरह कर सकते हों तथा माइक्रोसाफ्ट ऑफिस से परिचित हों। आवेदक की आयु 4 तक 50 वर्ष से अधिक न हो।
ऐसे होगा चयन
मानदण्ड को पूर्ण करने वाले आवेदक का चयन कम्प्यूटर आधारित टेस्ट तथा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। आवेदक को शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण का प्रमाण पत्र प्रस्तुत कराना होगा।
यह है पाबंदी
उल्लेखित है कि खादिमुल हुज्जाज के रूप में आवेदन करने हेतु आवश्यक है कि उसके परिवार का कोई भी सदस्य हज-2025 के लिए हज यात्रा के लिए नहीं जा रहा हो। सऊदी मौअल्लिम से भी उसकी कोई जान पहचान न हो। खादिमुल हुज्जाज के कार्य के लिए कार्य की अवधि से संबंधित दी जाने वाली डयूटी पर कार्य माना जाएगा, लेकिन इसके लिए कोई वेतन भत्ता एवं यात्रा भत्ता भुगतान नहीं किया जाएगा।
विभाग से लें अनुमति
आवेदनकर्ता को संबंधित विभाग अथवा नियोक्ता द्वारा जारी मूल अनुमति (अनापत्ति प्रमाण पत्र), मूल शासकीय चिकित्सालय का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, हज/ उमरा करने से संबंधित प्रमाणित दस्तावेज़ तथा पासपोर्ट की छायाप्रतियां अनिवार्य रूप से आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना आवश्यक है।
ऐसे होगा आवेदन
इच्छुक आवेदक खादिमुल हुज्जाज हज-2025 हेतु हज कमेटी ऑफ इण्डिया की वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in पर अंतिम तारीख 04 जनवरी तक निर्दिष्ट आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन किए गए आवेदन की हार्ड कॉपी समस्त आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यालय मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी, भोपाल में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी की वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in या www.mphajcommittee.com पर एवं दूरभाष क्रमांक 0755-2530139 पर भी संपर्क किया जा सकता है।