हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2025 के चयनित हाजियों को पासपोर्ट की मूल प्रति जमा कराने की हिदायत दी है। 18 फरवरी तक जमा किए जाने वाले पासपोर्ट की स्वच्छ कॉपी होना चाहिए, जिनके पास वैध पासपोर्ट उपलब्ध न हो उन आवेदकों को नया पासपोर्ट बनवाकर समयावधि में जमा करने के लिए कहा गया है।
मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी अध्यक्ष रफत वारसी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इण्डिया से इस बाबद सूचना आई है। इसके आधार पर प्रदेश के सभी चयनित हाजियों को एसएमएस और टेलीफोनिक सूचना भेज दी गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया से प्राप्त जानकारी अनुसार, हज 2025 हेतु मशीन रीडेबिल मूल अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट, मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी हज हाउस भोपाल में जमा करने की अंतिम तिथि दिनांक 18 फरवरी 2025 निर्धारित की गई है।
इसका ध्यान रखें
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने कहा है कि हज 2025 हेतु प्रोविजनल चयनित हज यात्री अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट की मूल प्रति जमा करने से पूर्व अच्छी तरह से जांच लें कि उनका पासपोर्ट वैध हो, अच्छी हालत में हो, किसी भी तरह के क्षति, फटने, गीले होने, ढीली बाइंडिंग या मार्किंग/निशान से मुक्त हो।
हिदायत यह भी
जिन हज यात्रियों का मूल अंतर्राष्ट्रीय उक्त अवस्था (पासपोर्ट वैध हो, अच्छी हालत में हो, किसी भी तरह के क्षति, फटने, गीले होने, ढीली बाइंडिंग, या मार्किंग/निशान से मुक्त हो) में न हो उनको निर्देशित किया गया है कि वह अपने वर्तमान पासपोर्ट की प्रति मध्यप्रदेश राज्य कमेटी में एक आवेदन के साथ जमा कर जानकारी दें तथा नए पासपोर्ट के लिए तत्काल आवेदन कर नया पासपोर्ट बनवाकर जमा करें।
जानकारी यहां मिलेगी
इस संबंध में हज कमेटी ऑफ इण्डिया की वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in पर परिपत्र क्रमांक 28 (हज-2025) का अवलोकन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0755-2530139 पर भी संपर्क किया जा सकता है।