भोपाल में गैंगस्टर का जुलूस निकाला।
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के गैंगस्टर जुबेर मौलाना को भोपाल पुलिस ने फायरिंग कर तोड़फोड़ मचाने के मामले में उसके तीन गुर्गों के साथ गिरफ्तार किया है। जुबेर पिछले छह माह से भोपाल में भेष बदलकर फरारी काट रहा था। आरोपी पहले बड़े-बड़े बाल रखता था, लेकिन पहचान छिपाने के लिए उसने दाढ़ी और बाल कटवा लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी को लेकर पुलिस उसी गली में गई और जुलूस निकाला, जिसमें वह ताबड़तोड़ फायरिंग कर उत्पात मचाया था। आरोपी को पकड़ने के लिए टीला जमालपुरा, हनुमानगंज और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार गैंगस्टर और आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन छुरी जब्त की गई हैं। सभी ने मिलकर दहशत बनाने के कुछ दिन पहले मंगलवारा और टीला जमालपुरा में वाहनों में तोड़फोड़ कर फायरिंग की थी। बदमाशों का सीसीटीसी फुटेज भी पुलिस को मिला था, जिसमें वह फायरिंग करते हुए दिख रहे थे। आरोपियों ने आधा दर्जन से अधिक फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाई थी।
ये भी पढ़ें-
डॉक्टर को कुचलने वाली स्कूल बस का चालक धराया, बड़े वाहन चलाने का नहीं मिला लाइसेंस, बढ़ सकती हैं धाराएं
परवलिया के फार्महाउस में छिपा था बदमाश
एडीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि गैंगस्टर जुबेर मौलाना परवलिया थाना क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में फरारी काट रहा था। उसकी तलाश भोपाल पुलिस के साथ रायसेन जिले की बेगमगंज पुलिस को भी है। पुलिस की टीम जब फार्महाउस की घेराबंदी कर जुबेर मौलाना को पकड़ने के लिए पहुंचीतो आरोपी वहां से दौड़ लगा दी। इसी चक्कर में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। जुबेर को पुलिस ने पैर में प्लास्टर बंधे होने के साथ जुलूस में पैदल चलाया और हेकड़ी निकाली।
ये भी पढ़ें-
ग्वालियर में दर्दनाक सड़क हादसा; तेज रफ्तार दो ट्रकों में टक्कर, ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत
बाबू मस्ताना का भांजा है जुबेर
उल्लेखनीय है कि जुबेर मौलाना ऐशबाग थाना क्षेत्र में रहने वाले कुख्यात सटोरिये बाबू मस्तान का भांजा है। आरोप लगाए जाते हैं कि बाबू मस्तान और जुबेर मौलाना को एक बड़े सफेदपोश का संरक्षण मिला हुआ है, इसलिए वह पुलिस की गिरफ्तारी के बाद भी अपराध करने से पीछे नहीं हटता।
ये आरोपी भी पकड़े गए
पुलिस ने फायरिंग के आरोपी और फरार चल रहे बदमाश मोहम्मद शकील उर्फ शन्नी मलिक, फैसल खान उर्फ जेजे और जहीर खान को भी गिरफ्तार किया है। शन्नी मलिक भोपाल के कुख्यात बदमाश रहे मुख्तार मलिक का भांजा है।