भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में चार माह पूर्व आत्महत्या करने वाली 17 वर्षीय छात्रा के मामले में एफएसएल रिपोर्ट से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी, कॉल डिटेल और गतिविधियों की जांच शुरू की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में चार माह पहले फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाली नाबालिग छात्रा के मामले में एफएसएल रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। एफएसएल रिपोर्ट में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इसके बाद कोलार पुलिस ने मर्ग जांच में अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि मृतका ने आत्महत्या से पहले किसी पर दुष्कर्म का आरोप नहीं लगाया था। इस कारण नाबालिग के साथ दरिंदगी करने वाले का पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
पुलिस अब आत्महत्या से पहले पीड़िता के घर आने-जाने वालों का पता लगा रही है। इतना ही नहीं नाबालिग के कुछ दिनों पहले की गतिविधियों का भी पता लगा रही है कि उसे कोई अपने साथ लेजाकर दरिंदगी तो नहीं की थी। इसके लिए पुलिस नाबालिग के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्रित कर रही है। कोलार पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। उसने बीते वर्ष 17 अगस्त को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय उसकी मां और भाई मजदूरी करने घर से बाहर गए हुए थे। मां और भाई के घर लौटने पर किशोरी फंदे पर लटकी मिली थी। अब एफएसएल की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस के जांच की पूरी दिशा ही बदल गई है।
विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक जितेन्द्र केवट ने बताया कि घटना वाले दिन किशोरी के घर कौन-कौन आया था उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रा कहीं बाहर गई थी क्या, यह भी पता लगाया जा रहा है। घर के मोबाइल और छात्रा के पास रहने वाले मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।