फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amit Shah in MP: खराब मौसम की वजह से टला अमित शाह का बालाघाट दौरा, रानी दुर्गावती 'गौरव यात्रा' शुरू

Thu, 22 Jun 2023 05:13 PM IST
आनंद पवार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

MP Election 2023:  अमित शाह का बालाघाट दौरा खराब मौसम की वजह से टल गया है। उन्हें बालाघाट में रोड शो करना था।अमित शाह का दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ही सभा को संबोधित किया। 
विज्ञापन
1 of 1
Amit Shah - फोटो : ANI
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बालाघाट दौरा खराब मौसम की वजह से रद्द कर दिया गया है। गृहमंत्री शाह के हेलिकॉप्टर को बीच रास्ते से ही रायपुर लौटना पड़ा। जनसभा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संबोधित किया। शाह का यह दौरा महत्वपूर्ण था क्योंकि इसे मध्य प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आदिवासी वोटर्स को लुभाने की भाजपा की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा था। अमित शाह को वीरांगना रानी दुर्गावती के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के बाद गौरव यात्रा का शुभारंभ करना था, जिसका समापन 27 जून को शहडोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। 

27 को शहडोल पहुंचेगी पांच यात्रा
गुरुवार को बालाघाट के अलावा छिंदवाड़ा, सिंगरामपुर, जबेरा, कलिंजर फोर्ट ;उत्तरप्रदेश और कुसमी से भी गौरव यात्रा शुरू हो गई। ये यात्राएं 27 जून को शहडोल पहुंचेगी। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में यात्रा का समापन होगा। यहां पीएम सिकल सेल एनीमिया के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। 

आदिवासी वर्ग में मजबूत पकड़ बनाना लक्ष्य
अमित शाह और मोदी के मध्य प्रदेश दौरे को आदिवासी वर्ग के लिए भाजपा के संदेश के तौर पर देखा जा रहा था कि उनका भला सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। दरअसल, 2018 के चुनाव में आदिवासी वोटर भाजपा से छिटक गए थे। प्रदेश की 230 सीटों में से 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इनमें कांग्रेस को 31 और भाजपा को 16 सीटें मिली थी। भाजपा की सरकार जाने के पीछे भी यही वजह बताई गई थी। इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने इस वर्ग पर फोकस बढ़ा दिया है। 

प्रदेश में अलग-अलग जनजातियों की 22 फीसदी आबादी
प्रदेश में जनजातियों की कुल आबादी करीब 22 प्रतिशत है। इसमें सबसे ज्यादा भील-भिलाला 60 लाख, गोंड 51 लाख, सहरिया 47 लाख और कोरकू और अन्य 12 लाख हैं। इसमें से दूसरी सबसे बड़ी जनजाति गोंड अधिकतर नर्मदा नदी के किनारे निवासरत है। इसके अलावा बैगा और कोरकू भी इस तरफ ज्यादा है। शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम में इनकी संख्या ज्यादा है।

ये पांच यात्रा निकलेंगी 
  • पहली यात्रा को केंद्रीय मंत्री अमित शाह को हरी झंडी दिखानी थी। उनका कार्यक्रम रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने यात्रा को रवाना किया। यह यात्रा बैहर, बिछिया, डिंडोरी, पुष्पराजगढ़, अनूपपुर, जैतपुर होकर शहडोल पहुंचेगी।
  • दूसरी यात्रा छिंदवाड़ा से शुरू होगी। इसके प्रभारी सांसद दुर्गादास उइके होंगे। छिंदवाड़ा से चौरई, सिवनी, क्योलारी, लखनादोन, मंडला, निवास, शहपुरा, उमरिया, पाली होते हुए शहडोल पहुंचेगी।  
  • तीसरी यात्रा सिंगरामपुर जबेरा से आरंभ होगी। इसके प्रभारी वन मंत्री विजय शाह होंगे। सिंगरामपुर से यात्रा मझौली पाटन सिहोरा, जबलपुर, बरगी, कुंडम, शहपुरा से होते हुए बिरसिंहपुर पाली पहुंचेगी। 
  • चौथी यात्रा रानी दुर्गावती के जन्म स्थान उत्तरप्रदेश के कलिंजर फोर्ट से 23 जून को आरंभ होगी। यात्रा की प्रभारी पूर्व सांसद सम्पतिया उइके और यात्रा उप प्रभारी राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी होंगे। कलिंजर फोर्ट से अजयगढ़, पवई, बड़वारा, विजयरावगढ़, अमरपुर, मानपुर होते हुए यात्रा शहडोल पहुंचेगी। 
  • पांचवीं यात्रा धौहनी सीधी से 23 जून को रवाना होगी। यात्रा प्रभारी हिमाद्री सिंह होंगी। यह यात्रा 23 जून को सीधी कुसमी से ब्योहारी, जय सिंह नगर से शहडोल पहुंचेगी।
Trending Videos
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें