बता दें कि दिग्विजय सिंह ने ट्विटर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा 'फूट डालो और राज करो' की 'विदेशी विभाजनकारी विचारधारा' अपना रही है, जिसके दम पर अंग्रेजों ने भारत पर राज किया।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में लिखा, 'मोदी जी, आपने एफडीआई को फॉरेन डिस्ट्रक्टिव आइडियोलॉजी की संज्ञा दी है। कुछ हद तक मैं आपसे सहमत हूं। जो अंग्रेजों ने 'फूट डालो और राज करो' की आइडियोलॉजी हमें दी, वही आप और संघ अपनाकर देश में धर्म के नाम पर फूट डालकर राज कर रहे हैं। देश की शक्ति देश में एकता होती है।'
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के जवाब में राज्यसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि आजकल देश में नया एफडीआई नजर आ रहा है। यह फॉरेन डिस्ट्रक्टिव आइडियोलॉजी यानी विदेशी विनाशकारी विचारधारा है। हमें इससे सावधान रहने की जरूरत है। दरअसल, पीएम मोदी ने यह बयान कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के पक्ष में पॉप सिंगर रिहाना, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग और वेब मॉडल मिया खलीफा की ओर से किए गए ट्वीट के मद्देनजर दिया था।